मंगलवार, 28 जुलाई 202604:48:50 PM
Download App
Home/देश

मप्र से अब दूर नहीं यूएई : सीएम ने इंदौर से आबू धाबी के लिए पहली नियमित उड़ान को दिखाई हरी झंडी, पर्यटन, उद्योग और निवेश को मिलेगा नया आयाम

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 16, 2026
06:43 AM
सीएम ने इंदौर से आबू धाबी के लिए पहली नियमित उड़ान को दिखाई हरी झंडी, पर्यटन, उद्योग और निवेश को मिलेगा नया आयाम

भोपाल। मध्यप्रदेश ने अंतरराष्ट्रीय विमानन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने इंदौर से आबू धाबी के लिए अपनी पहली नियमित डायरेक्ट अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा का शुभारंभ किया। सीएम ने देवी अहिल्याबाई होल्कर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इस ऐतिहासिक उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ऐसे में अब मप्र से आबू धाबी का सफर सिर्फ 3.15 घंटे में पूरा हो जाएगा। राज्य की नई नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत शुरू हुई यह सेवा फिलहाल सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी।

अब 8 घंटे नहीं, सिर्फ 3 घंटे 15 मिनट में पहुंचेगा आबू धाबी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इंदौर से आबू धाबी पहुंचने में करीब आठ घंटे का समय लगता था, लेकिन अब सीधी उड़ान के जरिए यह सफर केवल 3 घंटे 15 मिनट में पूरा होगा। उन्होंने कहा कि यह सेवा सिर्फ दो शहरों को नहीं, बल्कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच व्यापार, पर्यटन, निवेश और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रियों को बोर्डिंग पास भी वितरित किए। इस रूट का संचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा किया जाएगा।

नई विमानन नीति से मिलेगी उड़ानों को रफ्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार की नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत इस अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए प्रति फ्लाइट लगभग 15 लाख रुपये की वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) दी जाएगी। इससे यात्रियों पर हवाई किराए का बोझ कम होगा। वहीं नए घरेलू हवाई मार्गों के लिए भी अधिकतम 10 लाख रुपये तक की वीजीएफ सहायता का प्रावधान किया गया है।

प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा एयर कनेक्टिविटी नेटवर्क

डॉ. यादव ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में तीन नए एयरपोर्ट शुरू किए गए हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट निर्माणाधीन हैं। आने वाले वर्षों में प्रदेश के 10 प्रमुख शहर बेहतर हवाई संपर्क से जुड़ेंगे। साथ ही प्रत्येक 100 किलोमीटर के दायरे में एयरपोर्ट या एयरस्ट्रिप तथा हर 45 किलोमीटर पर हेलीपैड विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी हेलीपैड बनाने का लक्ष्य भी तय किया गया है।

पर्यटन, उद्योग और निवेश को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर और आबू धाबी के बीच सीधी उड़ान शुरू होने से उद्योग, व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन और प्रवासी भारतीयों को बड़ा लाभ मिलेगा। यह सेवा निवेशकों के लिए नए अवसर पैदा करेगी और मध्यप्रदेश की वैश्विक पहचान को और मजबूत बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले से रीवा-इंदौर, रीवा-दिल्ली और रीवा-रायपुर जैसी उड़ानें संचालित हो रही हैं, जबकि जल्द ही भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, जबलपुर-कोलकाता और रीवा-कोलकाता जैसी नई सेवाएं भी शुरू की जाएंगी।

वैश्विक मध्यप्रदेश की दिशा में बड़ा कदम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर-आबू धाबी की सीधी उड़ान विकसित, आत्मनिर्भर और वैश्विक मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सेवा प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय व्यापार और धार्मिक-पर्यटन के नए केंद्र के रूप में स्थापित करेगी तथा आर्थिक विकास और रोजगार के नए अवसरों को भी गति देगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें