विकास के पथ पर दौड़ेगा निवाड़ी, : सीएम ने दी कई बड़ी सौगातें, कहा- बुंदेलखंड का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता,

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार गरीब, युवा, महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य समाज के हर वर्ग का विकास और सभी को समान अवसर उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में प्रदेश में समान नागरिक संहिता 2026 पारित होना एक ऐतिहासिक कदम है। इससे माताओं, बहनों और बेटियों को समान अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवाड़ी में विकास कार्यों की सौगात देते हुए 109 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 44 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 54 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 15 अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने ओरछाधीश रामराजा सरकार को नमन करते हुए कहा कि निवाड़ी क्षेत्र में विकास के साथ रामराज्य की स्थापना के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है।
किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार नए प्रयास कर रही है। इस वर्ष प्रदेश में 14 लाख किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की गई है। दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं और इसे 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा किसानों को मछली पालन, सिंघाड़े की खेती और आय बढ़ाने वाली अन्य गतिविधियों के लिए आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
कलेक्ट्रेट और जिला अस्पताल की मिली सौगात
मुख्यमंत्री ने 25 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरीय जिला अस्पताल के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। इससे जिले के लोगों को बेहतर प्रशासनिक और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में 12 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित सड़क और अन्य निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। पृथ्वीपुर के जेवरा, सकेरा भंडारन और सेंदरी में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ निवाड़ी में आयुष विंग और संजीवनी क्लीनिक का भी लोकार्पण किया गया। इसके अलावा मजरा खैराई और दिगवारकलां में स्टॉप डैम, 14 आंगनवाड़ी केंद्रों तथा अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों की सौगात भी क्षेत्रवासियों को मिली।
बुंदेलखंड के विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निवाड़ी और ओरछा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह वीरों और महावीरों के संघर्ष एवं बलिदान की भूमि है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। केन-बेतवा लिंक परियोजना से क्षेत्र के सभी जिलों को लाभ मिलेगा। निवाड़ी के 168 गांवों के लाखों किसान इस महत्वाकांक्षी परियोजना से लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि पृथ्वीपुर क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही सागर जिले में भी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
निवाड़ी में विधि और एमबीए कॉलेज की घोषणा
मुख्यमंत्री ने निवाड़ी में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि जिले में विधि महाविद्यालय और एमबीए महाविद्यालय खोला जाएगा। प्रदेश की प्रत्येक नगर पंचायत में गीता भवन का निर्माण कराया जाएगा। निवाड़ी में सर्वसुविधायुक्त नया बस स्टैंड बनाया जाएगा। प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम सहायता बस सेवा भी शुरू की जाएगी। इसके अलावा तरीचरकला में गौशाला निर्माण, कनरे नदी पर जनौली-चंदावनी के बीच पुल निर्माण की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से निवाड़ी जिले में सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
