536 करोड़ की सीप-अंबर परियोजना का लोकार्पण : सीएम मोहन हजारों किसानों को दी बड़ी सौगात, 30 हजार हेक्टेयर जमीन होगी सिंचित

सीहोर। मध्यप्रदेश में किसानों की समृद्धि और कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सीहोर जिले के भैरूंदा में 536.23 करोड़ रुपए की लागत से तैयार सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के पहले और दूसरे चरण का लोकार्पण किया। इस परियोजना से बुधनी विधानसभा क्षेत्र के भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को बारहमासी सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इससे 8 हजार से अधिक किसानों को सीधा लाभ होगा। नर्मदा का पानी आधुनिक भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से खेतों तक पहुंचेगा, जिससे किसान ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी तकनीकों से कम पानी में अधिक क्षेत्र की सिंचाई कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सीहोर जिले को 577.67 करोड़ रुपए के कुल 19 विकास कार्यों की सौगात भी दी। इनमें 575 करोड़ रुपए से अधिक के 9 कार्यों का लोकार्पण और 2.61 करोड़ रुपए के 10 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेतों तक पानी पहुंचना केवल सिंचाई की सुविधा नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर खेत को सिंचित बनाकर किसानों के जीवन में खुशहाली लाना है।
ढाई साल में 20 लाख हेक्टेयर बढ़ा सिंचित रकबा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में सिंचाई का रकबा केवल 7.50 लाख हेक्टेयर था। इसके बाद सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार से वर्ष 2023 तक यह 40 लाख हेक्टेयर पहुंचा। पिछले ढाई वर्षों में ही 20 लाख हेक्टेयर की वृद्धि हुई है और अब प्रदेश का सिंचित क्षेत्र 60 लाख हेक्टेयर से अधिक हो चुका है। सरकार ने इसे बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा है। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
खेती के साथ पशुपालन पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए केवल फसल उत्पादन पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। पशुपालन, डेयरी, बकरी पालन, कुक्कुट और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ समझौता किया गया है। इससे सांची डेयरी से जुड़े किसानों को दूध के दाम में 5 से 8 रुपए तक की बढ़ोतरी का लाभ मिलने लगा है। मध्यप्रदेश को दुग्ध उत्पादन में देश का पहला राज्य बनाने का लक्ष्य है। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय प्रतिमाह एक हजार रुपए सहायता देने का निर्णय लिया गया है। मान्यता प्राप्त गौशालाओं में प्रति गाय अनुदान भी 20 से बढ़ाकर 40 रुपए किया गया है।
लाड़ली बहनों को अब तक 60 हजार करोड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1.70 लाख रुपए हो गई है। लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए दिए जा रहे हैं। योजना शुरू होने से अब तक 60 हजार करोड़ रुपए बहनों के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं। युवाओं को रोजगार और शासकीय सेवाओं में अवसर देने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की गई है। अगले वर्ष एमपी पीएससी की परीक्षाएं दो बार आयोजित की जाएंगी।
शिवराज बोले, गांवों को गरीबी मुक्त बनाने की योजना
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली से वर्चुअल संबोधन में कहा कि सीप-अंबर परियोजना से 76 गांवों के किसानों का सपना पूरा हुआ है। उन्होंने इछावर के शेष गांवों तक पानी पहुंचाने के लिए परियोजना का अगला चरण शुरू करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर मध्यप्रदेश का कृषि विकास रोडमैप तैयार करेंगी। पायलट परियोजना के माध्यम से गांवों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाकर ग्रामीणों की आजीविका मजबूत करने और गांवों को गरीबी मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
