दम है तो जंबूरी मैदान भरकर दिखाएं : वोट रक्षा मार्च को लेकर मोहन मंत्री ने कांग्रेस को दी खुली चुनौती, जानें क्या है पूरा मामला

भोपाल। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन 12 दिसंबर 2026 को भोपाल में वोट रक्षा मार्च, संविधान रक्षा मार्च निकालेगा। इस मार्च लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाध्ंाी, प्रियंका गांधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा इंडी गठबंधन के दिग्गज नेता शामिल होंगे। जिसको लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मप्र कांग्रेस कमेटी यह आयोजन लाल परेड ग्राउंड में कराने की तैयारी कर रही है। जिसको लेकर सियासत गरमा गई है। मंत्री विश्वास सारंग ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार को किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम की अनुमति देने में कोई परेशानी नहीं, लेकिन नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना जरूरी है।
विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए जहां आयोजन होते हैं, वहीं की अनुमति मांगी जानी चाहिए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर कांग्रेस में दम है तो जंबूरी मैदान भरकर दिखाए। सारंग ने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल समाचारों में बने रहने और नकारात्मक प्रचार के जरिए अपने कार्यक्रम को चर्चा में लाना चाहता है।
उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक आयोजनों की अनुमति देने में कभी कोई आपत्ति नहीं रही, लेकिन हर काम नियम और कायदे से होना चाहिए।
आपातकाल का जिक्र कर नेहरू-इंदिरा पर हमला
कांग्रेस के लोकतंत्र बचाने के अभियान पर सवाल उठाते हुए सारंग ने कहा कि लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासनकाल में लगाए गए आपातकाल के दौरान हुआ था। उन्होंने दावा किया कि उस समय निर्दोष लोगों को जेलों में बंद किया गया था। सारंग ने बताया कि वे स्वयं आपातकाल के पीड़ित रहे हैं और उनके पिता को 19 महीने तक जेल में रखा गया था।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर भी आरोप लगाए। सारंग ने कहा कि नेहरू ने जोड़-तोड़ के जरिए सत्ता हासिल की थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नेहरू परिवार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को उचित सम्मान नहीं दिया और उन्हें चुनाव जीतने से रोकने का प्रयास किया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
