छोला हत्याकांड में बड़ा खुलासा : मृतक युवक के महिला से थे अवैध संबंध, जेल में बंद पति और सुपारी का शक

भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला थाना में बीते दिनों पत्थर से सिर कुचलकर की गई युवक की निर्मम हत्या में मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अन्नु की हत्या के पीछे महिला और जेल में बंद पति और उसके साथियों का हाथ है। जांच में यह भी खुलासा हुआ मृतक युवक और महिला के बीच अवैध संबंध भी थे। अन्नु की हत्या सुपारी देकर भी कराए जाने की आशंका है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। हालांकि अभी तक कुछ हासिल नहीं हुआ है।
महिला से संबंध बने हत्या की वजह?
जांच में सामने आया है कि मृतक अन्नु शराब की तस्करी से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि उसके एक महिला के साथ संबंध थे। महिला का पति प्रकाश फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस को संदेह है कि महिला और उसके जेल में बंद पति की भूमिका इस हत्याकांड में हो सकती है।
बताया जा रहा है कि अन्नु और महिला के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया था कि महिला ने अन्नु के खिलाफ थाने में शिकायत आवेदन तक दिया था। इसके बावजूद मामला शांत नहीं हुआ और कुछ समय बाद अन्नु की हत्या कर दी गई।
जेल से छूटे बदमाशों पर भी पुलिस की नजर
इस हत्याकांड में सुपारी किलिंग की आशंका भी सामने आई है। पुलिस को जानकारी मिली है कि हत्या में शामिल होने की आशंका वाले कुछ बदमाश करीब 15 दिन पहले ही जेल से बाहर आए थे। अब पुलिस उनकी भूमिका और महिला के पति से उनके संभावित संपर्कों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या किसी पुराने विवाद का परिणाम थी या इसके लिए बाकायदा सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया गया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
