सोमवार, 23 नवंबर 202607:05:28 PM
Download App
Home/देश

वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला का शुभारंभ : CM मोहन ने दी विज्ञान और शोध को नई दिशा, 100 एकड़ में विकसित होगा डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क

admin

admin

Nov 23, 2026
04:41 PM
CM मोहन  ने दी विज्ञान और शोध को नई दिशा, 100 एकड़ में विकसित होगा डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क

भोपाल। मध्यप्रदेश अब अपनी प्राचीन सभ्यताओं और पुरातात्विक विरासत के रहस्यों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीक से उजागर करेगा। भोपाल में स्थापित प्रदेश की पहली डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला में 10 लाख वर्ष तक पुरानी पुरातात्विक सामग्रियों की जांच कर उनकी आयु का वैज्ञानिक निर्धारण किया जा सकेगा। वहीं, उज्जैन में लगभग 100 एकड़ भूमि पर डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क विकसित किया जाएगा। इससे प्रदेश में अनुसंधान, नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में ये घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) में प्रयोगशाला और डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय ज्ञान परंपरा, प्राचीन विरासतों के संरक्षण और वैज्ञानिक शोध को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश भी इसी दिशा में प्राचीन ज्ञान को आधुनिक विज्ञान से जोड़ रहा है।

10 लाख साल पुराने इतिहास की होगी वैज्ञानिक जांच

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई प्रयोगशाला पुरातात्विक महत्व की सामग्रियों के अध्ययन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके माध्यम से मिट्टी, पत्थर और अन्य पुरातात्विक अवशेषों की आयु का वैज्ञानिक आकलन संभव होगा। इससे प्राचीन मानव जीवन, सभ्यताओं और उस समय की परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी। उन्होंने पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों में भारतीय पुरातत्व और प्राचीन सभ्यताओं के अध्ययन को वैश्विक पहचान दिलाई। सरकार ने रातापानी अभयारण्य को उनके नाम से राष्ट्रीय उद्यान घोषित कर उनके योगदान को सम्मान दिया है।

उज्जैन में 100 एकड़ में बनेगा शोध पार्क

डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन प्राचीन काल से ही काल-गणना और खगोल विज्ञान का प्रमुख केंद्र रहा है। भारतीय काल-गणना पद्धति और विक्रमादित्य की परंपरा को आधुनिक विज्ञान के साथ जोड़कर आगे बढ़ाया जाएगा। प्रस्तावित डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क में नई तकनीकों पर शोध और नवाचार के अवसर मिलेंगे। विक्रमादित्य शोध पीठ को भी अकादमिक एवं शोध संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्पेस टेक नीति तैयार की गई है। उज्जैन को साइंस सिटी और भोपाल को नॉलेज सिटी के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें