सिंहस्थ 2028 से दुनिया देखेगी उज्जैन की भव्यता : सीएम मोहन का बड़ा ऐलान, रामघाट पर पर किया भगवान चंद्रमौलेश्वर का पूजन

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन देश के पवित्र नगरों में शामिल है। इसकी आभा, कीर्ति और धार्मिक महत्व युगों से कायम है। बाबा महाकाल की विशेष कृपा से उज्जैन अपने गौरव को पुनः प्राप्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री सोमवार को भगवान महाकालेश्वर की पंचम सवारी के रामघाट पहुंचने के बाद प्रसारण कक्ष से श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे।
भगवान महाकालेश्वर की पंचम सवारी निर्धारित समय पर हर्षोल्लास के साथ महाकालेश्वर मंदिर से निकली। सवारी के रामघाट पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पालकी में विराजित भगवान चंद्रमौलेश्वर की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पुजारी पं. आशीष शर्मा ने मां शिप्रा के जल से भगवान का जलाभिषेक कराया। इस दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई। मुख्यमंत्री दत्त अखाड़ा क्षेत्र से नाव के जरिए रामघाट पहुंचे।
जनसहयोग से विकास को मिली नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में अनेक विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। सिंहस्थ 2028 को भव्य और दिव्य बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों में नागरिकों का स्वैच्छिक सहयोग देश-दुनिया के लिए उदाहरण है। उन्होंने बताया कि लोगों ने स्वयं अपने मकान हटाकर विकास कार्यों में सहयोग दिया है। मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारे तक स्वेच्छा से हटाए गए हैं। सरकार जनकल्याण और विकास कार्यों को गति दे रही है।
करोड़ों श्रद्धालु बने सवारी के साक्षी
महाकाल की पंचम सवारी का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालु इससे जुड़े। सवारी मार्ग पर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह और उमंग देखने को मिली। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी भगवान महाकाल की भक्ति में सराबोर नजर आए।
भारत की संस्कृति और विरासत को दुनिया तक पहुंचाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ रहा है। उज्जैन में महाकाल लोक के निर्माण के बाद धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। अब मध्यप्रदेश की प्राकृतिक, वन्य और पुरातात्विक विरासत से भी दुनिया को परिचित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने का प्रतीक हैं। बाबा महाकाल के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली आए, यही कामना है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
