मंगलवार, 1 सितंबर 202607:31:00 AM
Download App
Home/देश

KBC 18 में दिहाड़ी मजदूर की दर्दभरी कहानी : घर-घर टाइलें लगाईं, फिर भी नहीं मिली इज्जत... अब करोड़पति बनने की दहलीज पर किशन

पलक गीते

पलक गीते

Sep 01, 2026
05:55 AM
घर-घर टाइलें लगाईं, फिर भी नहीं मिली इज्जत... अब करोड़पति बनने की दहलीज पर किशन

'कौन बनेगा करोड़पति 18' में इन दिनों कंटेस्टेंट्स की कहानियां भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। शो की हॉट सीट पर पहुंचे दिहाड़ी मजदूर किशन ने अपनी जिंदगी के ऐसे अनुभव साझा किए, जिन्हें सुनकर खुद अमिताभ बच्चन भी भावुक नजर आए।

टाइल्स लगाने का करते हैं काम

अमिताभ बच्चन ने जब किशन से उनके काम के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वह टाइल्स लगाने का काम करते हैं। रोजमर्रा की मेहनत से परिवार चलाने वाले किशन ने बताया कि काम के दौरान उन्हें कई बार ऐसे व्यवहार का सामना करना पड़ा, जिसने उन्हें भीतर तक आहत किया।

उनके मुताबिक, जिन घरों में वह टाइल्स लगाते हैं, उन्हीं घरों में कई बार उन्हें खाना खाने तक से मना कर दिया जाता है।

'पानी मांगते हैं तो बर्तन मांजने का पानी दिखा देते हैं'

किशन ने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि जब वह पानी मांगते हैं तो कई बार उन्हें पीने के लिए पानी देने के बजाय बर्तन धोने वाले पानी की तरफ इशारा कर दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि कंस्ट्रक्शन साइट पर आर्किटेक्ट और इंजीनियर जैसे लोगों से सम्मान के साथ बात की जाती है, उन्हें चाय तक पूछी जाती है। लेकिन मजदूर होने की वजह से उनके साथ वैसा व्यवहार नहीं होता।

किशन ने कहा कि फर्क सिर्फ इतना है कि उनके पास डिग्री और पढ़ाई है, जिसकी वजह से उन्हें इज्जत मिलती है, जबकि मजदूरों को अक्सर वह सम्मान नहीं मिलता।

खाते में थे सिर्फ 2500 रुपये

किशन की आर्थिक स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अमिताभ बच्चन के पूछने पर उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते में उस वक्त सिर्फ 2500 रुपये थे।

इसके बावजूद उन्होंने पढ़ाई और अपनी तैयारी का सिलसिला नहीं छोड़ा।

दिनभर मजदूरी, रात में पढ़ाई

किशन ने बताया कि वह दिनभर काम करते हैं और शाम को घर लौटने के बाद खाना खाकर पढ़ाई करते हैं। अपनी तैयारी के बारे में उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्होंने अपनी नींद तक कुर्बान की है

उनकी मेहनत और जज्बे ने अमिताभ बच्चन को भी प्रभावित किया।

अब 1 करोड़ के सवाल पर पहुंचा मामला

शो के प्रोमो में अमिताभ बच्चन किशन से 1 करोड़ रुपये का सवाल पूछते नजर आ रहे हैं। यानी दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करने वाला यह कंटेस्टेंट अब करोड़पति बनने के बेहद करीब पहुंच चुका है।

हालांकि, क्या किशन 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देकर करोड़पति बन पाएंगे, इसका जवाब आने वाले एपिसोड में मिलेगा।

जीत की रकम से पूरा करना चाहते हैं अपना सपना

अमिताभ बच्चन ने जब पूछा कि अगर वह बड़ी रकम जीतते हैं तो उसका क्या करेंगे, किशन ने बेहद भावुक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह वह दूसरों के घरों में टाइल्स लगाते हैं, उसी तरह वह अपने घर में भी टाइल्स लगाना चाहते हैं।

किशन की कहानी सिर्फ KBC के सवाल-जवाब तक सीमित नहीं है। यह उस मेहनतकश तबके की कहानी भी है, जो दूसरों के घरों को खूबसूरत बनाने के लिए दिन-रात मेहनत करता है, लेकिन खुद सम्मान और बेहतर जिंदगी के लिए संघर्ष करता रहता है।

पलक गीते
Written By

पलक गीते

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें