मंगलवार, 13 अक्टूबर 202610:48:11 PM
Download App
Home/देश

नवरात्रि पर लाड़ली बहनों के लिए आ गई खुशखबरी : सीएम मोहन कल 1.25 करोड़ खातों में ट्रांसफर करेंगे 1500-1500, उमरिया को भी देंगे सौगात

admin

admin

Oct 13, 2026
02:12 PM
सीएम मोहन कल 1.25 करोड़ खातों में ट्रांसफर करेंगे 1500-1500, उमरिया को भी देंगे सौगात

भोपाल। मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के खुशखबरी है। शारदीय नवरात्रि के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के बैंक खातों में खुशियों की राशि ट्रांसफर करेंगे। मुख्यमंत्री उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत के गुरुवाही गांव में आयोजित सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त जारी करेंगे। एक क्लिक के माध्यम से प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 1500 रुपये अंतरित किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जिले को विकास कार्यों की भी सौगात देंगे। कुल 144 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 136 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन प्रस्तावित है।

14,415 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री गुरुवाही में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 14,415.93 लाख रुपये की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें 8,731.55 लाख रुपये के 68 कार्यों का लोकार्पण और 5,684.41 लाख रुपये के 68 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5,906.99 लाख रुपये की लागत के 18 कार्यों का लोकार्पण और 3,225.22 लाख रुपये के 46 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। वहीं, मानपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,824.56 लाख रुपये के 50 कार्यों का लोकार्पण और 2,459.16 लाख रुपये के 22 कार्यों का भूमिपूजन होगा। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार करना तथा परिवार के फैसलों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। योजना के तहत जून 2023 में लगभग 1.25 करोड़ महिलाओं को पहली बार आर्थिक सहायता दी गई थी। सितंबर 2026 तक 40 किस्तों का नियमित भुगतान किया जा चुका है। अब 41वीं किस्त जारी होगी।

इसके अलावा अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में पात्र महिलाओं को 250-250 रुपये की विशेष सहायता भी दी गई थी। नवरात्रि के दौरान मिलने वाली यह राशि महिलाओं की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार होगी। राज्य सरकार इसे महिला सशक्तीकरण, सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में आगे बढ़ा रही है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें