मप्र की लाडली बहनों के लिए खुशखबरी : सीएम मोहन कल खाते में ट्रांसफर करेंगे योजना की 35वीं किस्त, आष्टा को देंगे करोड़ों की सौगात

भोपाल। मध्यप्रदेश की लाडली बहनों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव रविवार यानि 12 अप्रैल को बहनों के खाते में योजना की 35वीं किस्त अंतरित करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित होगा। 35वीं किस्त का वितरण एक बार फिर सरकार की “लाड़ली बहनों” के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करेगा। आष्टा में होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
सीएम मोहन राज्य की 1.25 करोड़ से अधिक लाडली बहनों के खातों में एक क्लिक के जरिए 1,500 करोड़ रुपये अधिक ट्रांसफर करेंगे। बता दें कि पहले इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1,250 रुपये मिलते थे, जिसे मोहन सरकार ने बढ़ाकर अब 1,500 रुपये कर दिया गया है। यह नियमित वित्तीय सहायता महिलाओं को घर के खर्चों का प्रबंधन करने, छोटी बचत करने और यहां तक कि स्वरोजगार के अवसरों की तलाश करने में भी मदद करती है।
सीएम आष्टा को देंगे करोड़ों की सौगात
इस कार्यक्रम के साथ ही मुख्यमंत्री 184 करोड़ रुपये से अधिक के कई विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं में से, आष्टा में संदीपनी स्कूल भवन का निर्माण, पार्वती नदी पर एक घाट, जावर में नेवज नदी का जीर्णोद्धार, मेहतवाड़ा में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सिद्दीगंज में एक उप-तहसील भवन, आष्टा में एक राजस्व कार्यालय, और आष्टा-शुजालपुर सड़क पर एक पुल के निर्माण पर 115 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश किया जाएगा।
इसके अलावा 69 करोड़ रुपये के अन्य कामों के लिए भूमि पूजन भी किया जाएगा। इनमें स्कूल भवन, पुलिस आवास, इच्छावर में छात्रावास, सड़कें, सामुदायिक भवन और अमृत 2.0 योजना के तहत पेयजल योजनाएं शामिल हैं। आष्टा शहर में नालियों का निर्माण, सड़कों का चैड़ीकरण और सौंदर्यीकरण, सब्जी मंडी का विकास और पांडु शिला क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
