बुधवार, 29 जुलाई 202610:18:59 PM
Download App
Home/देश

अन्नदाताओं के साथ खड़ी मप्र सरकार : किसान आंदोलन के बीच सीएम मोहन का बड़ा बयान, बातचीत के लिए गठित हुई मंत्रियों की कमेटी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 29, 2026
07:06 AM
किसान आंदोलन के बीच सीएम मोहन का बड़ा बयान, बातचीत के लिए गठित हुई मंत्रियों की कमेटी

भोपाल। मध्य प्रदेश में मूंग की फसल को शत-प्रतिशत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। पुलिस की लाख कोशिशों के बाद भी नर्मदापुरम से पैदल मार्च करते हुए हजारों किसान राजधानी पहुंच गए हैं। अब वे सीएम हाउस कूच करने की तैयारी में जुट गए हैं। इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि राज्य सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सीएम ने कहा कि किसानों की मांगों पर सकारात्मक संवाद के जरिए रास्ता निकाला जाएगा, लेकिन यह भी जरूरी है कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों से चर्चा और समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने मंत्रियों की एक समिति गठित की है। इस समिति में कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना, मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर और मंत्री राकेश सिंह को शामिल किया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी किसान संगठनों के साथ मिलकर जल्द ही समाधान निकाला जाएगा।

इधर, कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान उन्होंने किसानों को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की हर समस्या के प्रति संवेदनशील है और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा तथा मूंग खरीदी सहित अन्य मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए जा चुके हैं।

संवाद के माध्यम से हर समस्या संभवः कृषि मंत्री

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और खरीदी व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी बिंदुओं पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। उनका कहना था कि सरकार और किसान एक-दूसरे के सहयोगी हैं तथा संवाद के माध्यम से हर समस्या का समाधान संभव है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री को लिखा पत्र

मूंग खरीदी के मुद्दे पर कृषि मंत्री ने जानकारी दी कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन का लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। केंद्र सरकार से प्रदेश के कुल उत्पादन का 40 प्रतिशत यानी 8.06 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदने की अनुमति देने की मांग की गई है, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके।

पीसीसी चीफ पर कंसाना ने बोला तीखा हमला

इस दौरान कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारी किसानों को भड़काकर भोपाल की व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आड़ में राजनीति करना उचित नहीं है और कांग्रेस को किसानों के नाम पर प्रदेश में अशांति फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कंसाना ने कहा कि समस्याओं का समाधान विवाद नहीं, बल्कि आपसी संवाद से होता है और राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाती रहेगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें