सोमवार, 15 जून 202606:51:48 PM
Download App
Home/देश

प्रेरणादायक दृश्य : ईवी स्कूटी में सवार हो 12वीं की टाॅपर के घर पहुंचे सीएम, सराहा चांदनी की उपलब्धि को, मदद का दिया आश्वासन

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 15, 2026
09:08 AM
ईवी स्कूटी में सवार हो 12वीं की टाॅपर के घर पहुंचे सीएम, सराहा चांदनी की उपलब्धि को, मदद का दिया आश्वासन

भोपाल। राजधानी भोपाल में सोमवार को एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला जब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव इलेक्ट्रिक स्कूटी चलाकर भीमनगर पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल की बचत और स्वच्छ ऊर्जा के आह्वान के तहत मुख्यमंत्री ने यह पहल की। वे 12वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में टॉप करने वाली छात्रा चांदनी विश्वकर्मा के घर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी भी मौजूद थे, जो पीछे सीट पर बैठे थे।

यह दौरा भाजपा के उस विशेष संपर्क अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधि आम लोगों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों से सीधे जुड़ रहे हैं और सरकार की योजनाओं को साझा कर रहे हैं।

लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनी चांदनी

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चांदनी विश्वकर्मा और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद चांदनी ने जो शानदार प्रदर्शन किया है, वह प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि यह सफलता मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

सीएम ने चांदनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं चला रही है, ताकि कोई भी होनहार विद्यार्थी संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रह जाए।

सीएम ने स्थानीय लोगों से की बात

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों और छात्रों से भी बातचीत की। उन्होंने क्षेत्र के लोगों के साथ फोटो खिंचवाई और उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। आसपास के लोग मुख्यमंत्री को ईवी स्कूटी पर आते देखकर उत्साहित नजर आए और उन्होंने इस पहल की सराहना की।

प्रदूषण कम करने ईवी का किया जा रहा उपयोग

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह भी बताया कि उनके काफिले में अब इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाया जा रहा है, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके और प्रदूषण कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी कोशिशें मिलकर बड़े बदलाव ला सकती हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें