सोमवार, 21 सितंबर 202610:35:39 PM
Download App
Home/देश

किसान कल्याण से गूंजेगा स्थापना दिवस : सीएम का निर्देश, कृषि नवाचार और उपलब्धियों की लगेगी प्रदर्शनी

admin

admin

Sep 21, 2026
03:31 PM
सीएम का निर्देश, कृषि नवाचार और उपलब्धियों की लगेगी प्रदर्शनी

भोपाल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस इस बार ‘समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश’ की थीम पर किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाए जा रहे वर्ष 2026 के अनुरूप कृषि विकास और किसान कल्याण पर केंद्रित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्देश दिए हैं कि 1 नवंबर को होने वाले स्थापना दिवस समारोह में उन्नत कृषि, प्राकृतिक खेती और कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। कृषि में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले किसानों, उद्यमियों और युवाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में हुई बैठक में कहा कि स्थापना दिवस केवल राज्य स्तरीय आयोजन नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का उत्सव है। इसलिए राज्य के साथ सभी जिलों में भी उत्साह और उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने सभी शासकीय भवनों पर 1 नवंबर की रात रोशनी करने तथा प्रदेश की प्रतिभाओं को कला, योग्यता और क्षमता के प्रदर्शन का अवसर देने के निर्देश दिए। समारोह में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

लाल परेड मैदान में होगा भव्य समारोह

बैठक में बताया गया कि 71वां मध्यप्रदेश स्थापना समारोह भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित होगा। यहां विकसित मध्यप्रदेश-2047, एक जिला-एक उत्पाद, मध्यप्रदेश के जननायक, पारंपरिक कलाओं, मंदिर स्थापत्य, भारत की ऋषि परंपरा, विरासत से विकास और कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। समारोह में प्रदेश के देशज व्यंजनों का मेला भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

प्रतिष्ठित कलाकार देंगे प्रस्तुति

1 नवंबर की शाम सुगम संगीत का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। समारोह के दौरान आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी। आयोजन स्थल पर बैठक व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

जिलों की उपलब्धियां भी होंगी प्रदर्शित

जिला मुख्यालयों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जिले के उत्कृष्ट कार्यों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिला स्तरीय समारोहों में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वतंत्रता सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों को आमंत्रित किया जाएगा। शहीद सैनिकों के परिजन तथा उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले स्व-सहायता समूहों और नव उद्यमियों से जुड़े लोगों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें