शनिवार, 21 नवंबर 202608:45:44 PM
Download App
Home/देश

सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन : मां को अंतिम विदाई देते भावुक हुए सीएम योगी, चिता की परिक्रमा कर नम आंखों से कहा अलविदा, दिया कंधा भी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 21, 2026
08:25 AM
मां को अंतिम विदाई देते भावुक हुए सीएम योगी, चिता की परिक्रमा कर नम आंखों से कहा अलविदा, दिया कंधा भी

हरिद्वार। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन हो गई है। हरिद्वार के चंडीघाट स्थित श्मशान घाट में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति रिवाजों के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी गई। सावित्री देवी छोटे बेटे महेन्द्र बिष्ट ने मुखाग्नि दी। इस पूरे कार्यक्रम में सीएम योगी भी मौजूद रहे। उन्होंने जहां मां की अर्थी को दिया। वहीं चिता की परिक्रमा कर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान वे भावुक भी दिखाई दिए।

पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार पहुंची अंतिम यात्रा

सावित्री देवी की अंतिम यात्रा उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। मुख्यमंत्री योगी भी मां के पार्थिव शरीर के साथ हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने घर से मां की अर्थी को कंधा दिया और एंबुलेंस तक पहुंचाया। चंडी घाट पर भी उन्होंने अर्थी को कंधा देकर अपने बेटे होने का अंतिम कर्तव्य निभाया।

मां के अंतिम दर्शन के दौरान योगी आदित्यनाथ ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वह काफी देर तक मां के पास खड़े रहे और उन्हें निहारते रहे। बताया गया कि मुख्यमंत्री रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया।

मां को अंतिम विदाई देते समय भावुक नजर आए सीएम योगी.(Photo-ITG)

13 अखाड़ों के संत-महात्माओं ने कराए धार्मिक अनुष्ठान

अंतिम संस्कार में उत्तरप्रदेश-उत्तराखंड के कई बड़े राजनीतिक और सामाजिक चेहरे भी शामिल हुए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और संजय निषाद सहित 50 से अधिक विशिष्ट लोग मौजूद रहे। गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।

इसके अलावा 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंतों सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा उपस्थित रहे। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष चिदानंद सरस्वती भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। धार्मिक अनुष्ठानों के लिए करीब 100 किलोग्राम घी और 100 किलोग्राम हवन सामग्री की व्यवस्था की गई थी।

केशव मौर्य और स्वतंत्र देव सिंह ने जताया दुख

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जीवन में माता-पिता से बढ़कर कोई नहीं होता और मां का स्थान भगवान से भी ऊंचा है। वहीं, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें उनकी मां के आशीर्वाद की अहम भूमिका रही है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें