शुक्रवार, 17 जुलाई 202610:04:54 PM
Download App
Home/देश

यूपी में माफिया का राज खत्म : शामली में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, कानून व्यवस्था और कावड़ यात्रा पर दिया सख्त संदेश

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 17, 2026
08:42 AM
शामली में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, कानून व्यवस्था और कावड़ यात्रा पर दिया सख्त संदेश

शामली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शामली जिले के दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने जिले को 589 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कानून व्यवस्थाओं को लेकर विपक्ष पर एक बार फिर जोरदार हमला बोला। साथ ही अपनी सरकार की उलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर व्यापक बदलाव आया है और शामली इसका प्रमुख उदाहरण बनकर उभरा है।

सीएम योगी अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सत्ता संभालने के बाद माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकल्प लिया था और आज उसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शामली और कैराना का दौरा करते समय उन्हें संतोष होता है कि क्षेत्र में भय का माहौल खत्म हुआ है। योगी ने यह कहा कि माफिया या तो जेल में हैं, या फिर वे जहन्नुम पहुंच गए हैं।

कांवड़ यात्रा की मर्यादा बनाए रखने की अपील

कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम और भगवान शिव के भक्तों को संयम और मर्यादा का परिचय देना चाहिए। यदि कोई असामाजिक तत्व यात्रा की गरिमा भंग करने की कोशिश करे तो उसे अलग कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द और आस्था को मजबूत करना है।

एक्सप्रेस-वे और एनसीआर से विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शामली दिल्ली-देहरादून, शामली-अंबाला और प्रस्तावित शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे जैसे महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों से जुड़ रहा है। इससे जिले में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि एनसीआर से जुड़ने के बाद शामली का विकास और तेज होगा तथा यहां आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की विकास योजनाओं और मजबूत कानून-व्यवस्था के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें