नहीं बख्शा जाएगा किसी अपराधी-माफिया को : सीएम योगी की खुली चेतावनी, बांदा की धरती से पिछली सरकारों पर भी बोला तीखा हमला

बांदा। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों और माफियाओं को एक फिर खुली चेतावनी दी है। साथ ही पिछली सरकारों पर भी तीखा हमला बोला है। बांदा में 710 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपराध और माफिया संस्कृति पर प्रभावी कार्रवाई की गई है, जिससे प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बेहतर हुआ है। वहीं पूर्ववर्ती सरकारों को अपने निशाने पर लेते हुए योगी ने आरोप लगाया कि पहले प्रदेश में माफिया और डकैतों का प्रभाव अधिक था, जिससे आम लोगों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों के लिए विकास कार्य कर रही है और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
बुंदेलखंड की बदली तस्वीर का किया जिक्र
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बुंदेलखंड की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। उनके अनुसार, एक समय यह क्षेत्र पलायन, पानी की कमी और अविकसित बुनियादी ढांचे के लिए जाना जाता था, लेकिन अब विकास योजनाओं के कारण हालात में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि सिंचाई और पेयजल परियोजनाओं के विस्तार से लोगों को राहत मिली है और रोजगार के नए अवसर भी बढ़े हैं।
विकास और विरासत दोनों पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने लोगों से विकास की इस गति को बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की और भरोसा दिलाया कि बुंदेलखंड के समग्र विकास के लिए सरकार आगे भी लगातार काम करती रहेगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
