Cockroach Janata Party X Account : कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट अभी बंद ही रहेगा

दिल्ली हाईकोर्ट में शुक्रवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की याचिका पर सुनवाई हुई। दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने अकाउंट को ब्लॉक किए जाने के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
हाईकोर्ट ने इस मामले में केंद्र सरकार और X को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। हालांकि कोर्ट ने फिलहाल अकाउंट दोबारा चालू करने का अंतरिम आदेश देने से इनकार कर दिया। अदालत ने साफ कहा कि सरकार का पक्ष सुने बिना ऐसा फैसला नहीं लिया जा सकता, क्योंकि इस मामले का असर व्यापक और दूरगामी हो सकता है।
जस्टिस पुरुषेन्द्र कुमार कौरव की बेंच ने केंद्र सरकार को चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई को होगी।
इस कारण हुआ था अकाउंट बंद
दरअसल, केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए CJP का X अकाउंट ब्लॉक करने का आदेश दिया था। यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत की गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के इनपुट के आधार पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने X को अकाउंट ब्लॉक करने का निर्देश दिया था।

Cockroach Is Back नाम से बनाया नया अकाउंट
CJP का पुराना X अकाउंट 21 मई को बंद किया गया था। उस समय अकाउंट पर 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। अकाउंट बंद होने के कुछ ही समय बाद संगठन ने नया हैंडल बनाया, जिसका नाम रखा गया — ‘Cockroach Is Back’। इसके बायो में लिखा गया, “Cockroach Don’t Die”, यानी कॉकरोच मरते नहीं।
CJP की दिनों -दिन बढ़ती लोकप्रियता
दिलचस्प बात यह है कि सोशल मीडिया पर CJP की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। 29 मई दोपहर 3 बजे तक इंस्टाग्राम पर CJP के 2.25 करोड़ यानी 22.5 मिलियन फॉलोअर्स हो चुके थे। यह संख्या बीजेपी के 94 लाख और कांग्रेस के 1.36 करोड़ फॉलोअर्स से भी ज्यादा बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का नाम उस टिप्पणी के बाद चर्चा में आया, जिसमें भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की हालिया “कॉकरोच” टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसके बाद यह प्लेटफॉर्म तेजी से सुर्खियों में आ गया।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
