बुधवार, 1 जुलाई 202607:16:06 PM
Download App
Home/देश

कारोबारियों के लिए खुशखबरी : व्यावसायिक सिलेंडर 183 रुपए हुआ सस्ता, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत का इंतजार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 01, 2026
06:25 AM
व्यावसायिक सिलेंडर 183 रुपए हुआ सस्ता, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत का इंतजार

नई दिल्ली। जुलाई की शुरुआत आम लोगों के लिए राहतभरी खबर लेकर आई है। महंगाई के दौर में तेल विपणन कंपनियों ने व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती कर होटल, ढाबा, रेस्तरां और छोटे कारोबारियों को राहत दी है। एक जुलाई से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 183 रुपये तक घटा दिए गए हैं, जिससे कारोबार की लागत कम होने की उम्मीद है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इस वर्ष पहली बार व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दाम कम किए गए हैं। इससे पहले लगातार कई महीनों तक इसकी कीमतों में बढ़ोतरी होती रही। जनवरी में जिस सिलेंडर की कीमत 1,691 रुपये थी, वह लगातार महंगा होकर जून तक 3,113 रुपये से अधिक पहुंच गया था। बीते दो महीनों में ही इसमें लगभग एक हजार रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। अब अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में राहत मिलने के बाद तेल कंपनियों ने कीमतों में कटौती का फैसला लिया है।

कई शहरों में घटे सिलेंडर के दाम

दिल्ली के अलावा देश के कई बड़े शहरों में भी व्यावसायिक गैस सिलेंडर सस्ता हुआ है। कोलकाता में इसकी कीमत 3,255.50 रुपये से घटकर 3,081.50 रुपये हो गई है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अब यह सिलेंडर 3,052.50 रुपये में मिलेगा, जबकि बिहार की राजधानी पटना में नई कीमत 3,227 रुपये तय की गई है। नई दरें एक जुलाई से लागू कर दी गई हैं।

घरेलू उपभोक्ताओं को अभी इंतजार

तेल कंपनियों ने व्यावसायिक सिलेंडर के दाम तो घटाए हैं, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। दिल्ली में 14 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर 942 रुपये में ही मिलेगा। इसी तरह कोलकाता में इसकी कीमत 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये बनी हुई है।

कारोबारियों को मिलेगा सीधा लाभ

व्यावसायिक गैस सिलेंडर सस्ता होने से होटल, भोजनालय, मिठाई की दुकान, चाय-नाश्ता केंद्र और अन्य खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों की लागत कम होगी। इससे छोटे कारोबारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा उत्पादों की कीमतें नियंत्रित रहती हैं, तो आने वाले समय में गैस की कीमतों में और राहत मिलने की संभावना भी जताई जा रही है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें