बुधवार, 1 जुलाई 202609:02:36 PM
Download App
Home/देश

आईसीसी रैंकिंग : ईशान के सिर सजा टी20 का ताज, वनडे में मिचेल शीर्ष पर कायम, गिल ने भी लगाई छलांग, टेस्ट में हेड का जलवा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 01, 2026
10:29 AM
ईशान के सिर सजा टी20 का ताज, वनडे में मिचेल शीर्ष पर कायम, गिल ने भी लगाई छलांग, टेस्ट में हेड का जलवा

दुबई। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी शानदार फॉर्म का बड़ा पुरस्कार हासिल करते हुए आईसीसी की ताजा टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज का ताज अपने नाम कर लिया है। बुधवार को जारी नई रैंकिंग में ईशान ने लंबे समय से शीर्ष स्थान पर काबिज भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। टी20 क्रिकेट में दमदार वापसी के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज और टी20 विश्व कप में लगातार शानदार पारियों ने उन्हें यह उपलब्धि दिलाई।

नई रैंकिंग में अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं, जबकि पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान तीसरे नंबर पर हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट चैथे और श्रीलंका के पाथुम निसांका पांचवें स्थान पर मौजूद हैं। भारत के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा छठे स्थान पर बने हुए हैं। इंग्लैंड के जोस बटलर ने एक स्थान की बढ़त के साथ सातवां स्थान हासिल किया है, जबकि भारत के सूर्यकुमार यादव एक पायदान नीचे खिसककर आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के मिशेल मार्श नौवें और दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस दसवें स्थान पर हैं।

टेस्ट में ट्रेविस हेड बने नंबर-1

आईसीसी की टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड ने दो स्थान की छलांग लगाकर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक दूसरे स्थान पर हैं, जबकि पूर्व नंबर-1 जो रूट दो पायदान फिसलकर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ चैथे और दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेंबा बावुमा पांचवें स्थान पर काबिज हैं। बावुमा को इस बार एक स्थान का फायदा मिला है।

वनडे में शुभमन गिल की लंबी छलांग

वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल पहले स्थान पर बरकरार हैं। भारतीय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन के दम पर तीन स्थान की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। विराट कोहली एक स्थान नीचे खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि कप्तान रोहित शर्मा चैथे स्थान पर बने हुए हैं। अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान दो स्थान के नुकसान के साथ पांचवें नंबर पर हैं।

आईसीसी की ताजा रैंकिंग ने एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजों के दबदबे को साबित किया है। खासकर टी20 प्रारूप में ईशान किशन का नंबर-1 बनना भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जबकि वनडे और टी20 दोनों प्रारूपों में भारत के कई बल्लेबाज शीर्ष-10 में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए हुए हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें