जम्मू-कश्मीर में कुदरत का कहर : डोडा में भारी बारिश और बादल फटने से भीषण तबाही, किसानों को भी पहुंची भारी आर्थिक चोट

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश और बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचा दी। अचानक आई बाढ़ ने खेतों, बाग-बगीचों और रिहायशी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। कई स्थानों पर सड़कें बंद हो गईं, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है।
भलेसा में बादल फटा, खेत और बाग उजड़े
डोडा जिले के भलेसा के खलजुगासर क्षेत्र में बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ आ गई। तेज बहाव में कृषि भूमि को भारी नुकसान पहुंचा और किसानों की खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। फलदार बाग-बगीचों को भी गंभीर क्षति पहुंची है। कई मकानों और निजी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने संकट खड़ा हो गया है।

भारी बारिश से सड़क संपर्क टूटा
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जिले की कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं। भलेसा का भट्यास इलाका घंटों तक अन्य क्षेत्रों से कटा रहा। सड़क संपर्क टूटने से लोगों को जरूरी सामान और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में भी दिक्कतें आईं। प्रशासन ने जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग बहाल करने का काम शुरू कर दिया है।
कश्तीगढ़ में भी अचानक आई बाढ़
डोडा के कश्तीगढ़ क्षेत्र में भी भारी बारिश के चलते अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज बहाव से निचले इलाकों में पानी भर गया और कई जगह मिट्टी का कटाव हुआ। हालांकि, प्रशासन के अनुसार इस क्षेत्र से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों का आकलन कर रहे हैं।
प्रशासन ने शुरू किया राहत अभियान
बादल फटने और बाढ़ के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। प्रभावित इलाकों में टीमों को भेजकर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जल स्रोतों के उफान पर होने के कारण लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि सड़कें जल्द से जल्द खोलने और प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को अनावश्यक रूप से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह भी दी गई है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
