मंगलवार, 22 सितंबर 202610:45:04 PM
Download App
Home/देश

असम में कांग्रेस के काफिले पर पथराव : बघेल-गोगोई की गाड़ियों पर बरसाए पत्थर, भाजपा समर्थकों पर आरोप

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 22, 2026
06:55 AM
बघेल-गोगोई की गाड़ियों पर बरसाए पत्थर, भाजपा समर्थकों पर आरोप

नई दिल्ली। असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव की खबर सामने आई है। काफिले में कांग्रेस सांसद और असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल समेत पार्टी के कई नेता मौजूद थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन कर रहे लोगों ने काफिले की गाड़ियों पर पत्थर और बोतलें फेंकीं, जिससे कुछ वाहनों के शीशे टूट गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। कांग्रेस ने इस घटना के लिए भाजपा समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है और चुनाव आयोग से पूरे मामले की जांच की मांग की है।

चुनावी सभा में जाते वक्त हुआ हंगामा

रिपोर्टों के मुताबिक, कांग्रेस नेताओं का काफिला नगांव के समागुरी इलाके के बारामा से होकर लोकसभा उपचुनाव प्रचार के लिए लोरिमुख की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाए और नारेबाजी की। इसके बाद स्थिति बिगड़ने और काफिले पर कथित पथराव की बात सामने आई। पुलिस ने बताया कि कांग्रेस नेताओं को काले झंडे दिखाने के लिए भाजपा समर्थक रास्ते में एकत्र थे। एक अधिकारी ने कहा, जब दोपहिया वाहनों पर सवार करीब 30 से 40 कांग्रेस कार्यकर्ता उस इलाके से गुजरे, तो गौरव गोगोई वापस जाओ, कांग्रेस वापस जाओ, रकीबुल वापस जाओ जैसे नारे लगाए गए, जिससे तनाव पैदा हो गया।

गाड़ियों के शीशे टूटे, कांग्रेस नेता सुरक्षित

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पर घटना से संबंधित वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए दावा किया कि उनकी और भूपेश बघेल की गाड़ी को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि काफिले की कुछ गाड़ियों के शीशे टूटे और कांग्रेस के एआईसीसी सचिव मनोज चैहान को चोट भी लगी। भूपेश बघेल और गौरव गोगोई सुरक्षित बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की गई।

बघेल का एसिड फेंकने का दावा

भूपेश बघेल ने घटना के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि उनकी कार पर एसिड भी फेंका गया। उन्होंने कहा कि गाड़ी के शीशे बंद होने के कारण बड़ा नुकसान टल गया। बघेल ने यह भी दावा किया कि मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ लोगों ने काफिले का पीछा किया। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें