गुजरात में मौत का तांडव : कच्छ में ट्रेलर से टकराई कार, दो जवानों समेत 7 की मौके पर मौत, पीएम ने जताया दुख, सहायता की घोषणा

नई दिल्ली। गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसमें सवार सेना के जवानों समेत सात सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चियां शामिल हैं। जिनकी उम्र चार महीने और तीन महीने बताई जा रही है। सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे।
रण घूमकर लौट रहे थे, रास्ते में काल बनकर आया ट्रेलर
जानकारी के अनुसार, सेना के जवानों के परिवार के सदस्य कच्छ के रण की सैर करने के बाद भुज लौट रहे थे। इसी दौरान भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी कार ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बचाव दल को कार में फंसे शवों को बाहर निकालने में कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटना के कारण सड़क पर मलबा भी बिखर गया।
दो मासूम बच्चियों समेत सात की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रिंकी नितिन गुसाईं (35), उनकी चार महीने की बेटी वमिका, सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी तीन महीने की बेटी सिविका, राजेश रावत (35) और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता के रूप में हुई है। सभी भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से जुड़े थे। एक ही हादसे में दो परिवारों की तीन पीढिय़ों के सपने उजड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा दुर्घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
हृदयविदारक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि कच्छ में हुई दुर्घटना में लोगों की जान जाने से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
