रविवार, 22 नवंबर 202602:23:58 PM
Download App
Home/विदेश

विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 : भोपाल में भारतीय बेटियों का जलवा, कोरिया को हराकर लगातार दूसरी जीत,अंक तालिका में जापान के साथ शीर्ष पर पहुंची मेजबान टीम

admin

admin

Nov 22, 2026
03:19 AM
भोपाल में भारतीय बेटियों का जलवा, कोरिया को हराकर लगातार दूसरी जीत,अंक तालिका में जापान के साथ शीर्ष पर पहुंची मेजबान टीम

भोपाल। विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का विजय अभियान जारी है। मौजूदा चैंपियन भारत ने शनिवार को नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारतीय टीम की इस शानदार जीत में मुमताज खान और सुनेलिता टोप्पो ने अहम भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक गोल कर भारत को तीन अंक दिलाए। इससे पहले भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी। अब रविवार को भारतीय टीम का मुकाबला थाईलैंड से होगा।

मुमताज ने दिलाई पहली बढ़त

मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और लगातार गोल करने के मौके बनाए, लेकिन दक्षिण कोरिया की मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपर सियोयोन ली ने भारतीय हमलों को नाकाम कर दिया। पहले 15 मिनट में भारत को पांच पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी।

कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव बनाए रखा। नवनीत कौर, पूजा साहू और अन्य खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाया। आखिरकार 30वें मिनट में भारत को सफलता मिली। साक्षी के पास पर नवनीत कौर ने गेंद मुमताज खान तक पहुंचाई। मुमताज ने बेहतरीन फील्ड गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

सुनेलिता ने पेनाल्टी कॉर्नर पर दागा गोल

पहले गोल के बाद भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और बढ़ गया। दूसरे क्वार्टर के 34वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। दो गोल से पिछड़ने के बाद दक्षिण कोरिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने तीसरे क्वार्टर में शानदार रक्षात्मक खेल दिखाया। मेजबान टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखते हुए कोरियाई खिलाड़ियों को गोल करने का मौका नहीं दिया।

आखिरी मिनटों में कोरिया ने बढ़ाया दबाव

चौथे क्वार्टर में दक्षिण कोरिया ने आक्रामक खेल दिखाया। 56वें मिनट में होंग ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इसके बाद मुकाबले में रोमांच बढ़ गया। कोरियाई टीम ने बराबरी के लिए पूरी ताकत लगा दी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा। अंतिम क्षणों में भारत ने भी अपनी बढ़त बढ़ाने के मौके बनाए, लेकिन कोई और गोल नहीं हो सका। आखिरकार अंतिम हूटर बजते ही भारत ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

जापान के साथ शीर्ष पर भारत

लगातार दो जीत के साथ भारतीय टीम अंक तालिका में जापान के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गई है। दोनों टीमों के छह-छह अंक हैं और गोल अंतर भी बराबर प्लस चार है। चीन चार अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि मलेशिया के खाते में एक अंक है। दक्षिण कोरिया और थाईलैंड अभी तक अपना खाता नहीं खोल सके हैं। अब रविवार को थाईलैंड के खिलाफ जीत दर्ज कर भारतीय टीम अपनी स्थिति और मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें