LIVE : MP Assembly Monsoon Session : किसानों लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, यूसीसी को लेकर भाजपा ने भी कांग्रेस पर किया प्रहार

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा का 11वां मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। यह सत्र 24 जुलाई 2026 तक चलेगा। इस बार सत्र के दौरान सरकार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पेश कर सकती है, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में पहले से ही चर्चाएं तेज हैं। वहीं विपक्ष किसानों, खाद संकट, बेरोजगारी और जनहित के अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में सदन के भीतर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।
दिवंगत हस्तियों को दी गई श्रद्धांजलि
सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले सदन में विभिन्न क्षेत्रों की दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व विधायक अविश्वन जोशी, पूर्व विधायक पहाड़ सिंह कनौजे, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बी.सी. खंडूरी, मशहूर शायर डॉ. बशीर बद्र और पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर शोक व्यक्त किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी सभी दिवंगत हस्तियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
किसानों के मुद्दे पर सरकार पर बरसे उमंग सिंघार
सत्र के पहले दिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद के बजाय केवल टोकन और ओटीपी की प्रक्रिया में उलझाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मूंग, गेहूं और सोयाबीन उत्पादक किसान सबसे अधिक संकट झेल रहे हैं।
सिंघार ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा किसानों से वोट मांगती है, लेकिन जब न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और किसानों के अधिकारों की बात आती है तो सरकार चुप्पी साध लेती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें और परेशान कर रही है।
विधानसभा परिसर में कांग्रेस का प्रदर्शन
मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के मुखौटे पहनकर विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह पूरे सत्र के दौरान खाद संकट, बेरोजगारी, महंगाई और अन्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी तथा सरकार से जवाब मांगेगी।
विपक्ष के तेवर, सरकार की तैयारी
विधानसभा सचिवालय के अनुसार अब तक 1,756 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें 900 तारांकित और 856 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा 267 ध्यानाकर्षण सूचनाएं, 5 स्थगन प्रस्ताव, 20 अशासकीय संकल्प और 77 शून्यकाल सूचनाएं भी दी गई हैं। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोरदार बहस होने की संभावना है।
अध्यक्ष ने तैयारियों का लिया जायजा
सत्र शुरू होने से एक दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विधानसभा पहुंचकर सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सदन की कार्यवाही सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विधानसभा के सेंट्रल हॉल में स्थापित पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के तैलचित्रों का भी अवलोकन किया। उनके साथ विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे।
लाइव अपडेट
देश का युवा चाहता है यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड- जयवर्धन सिंह
कांग्रेस के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने यूसीसी को लेकर कहा कि कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इस पर विधानसभा में चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि देश का युवा यूनिफॉर्म सिविल कोड नहीं, बल्कि यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियां हो रही हैं। जयवर्धन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में युवाओं, किसानों और प्रदेश के विकास के लिए कोई बड़ी योजना नहीं आई। उन्होंने कहा कि सरकार यूसीसी की बात करने से पहले शिक्षा व्यवस्था को समान और मजबूत बनाने पर ध्यान दे।
यूसीसी पर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोली- तुष्टिकरण छोड़ समान कानून का करे समर्थन

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा आरोप लगाया कि कांग्रेस मुल्ला-मौलवियों के दबाव में यूनिफॉर्म सिविल कोड का विरोध कर रही है और तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। भाजपा ने यह भी कहा कि कांग्रेस हलाला जैसी प्रथाओं का समर्थन करती रही है, जबकि भाजपा सभी नागरिकों को समान अधिकार देने के पक्ष में है। पार्टी का कहना है कि मध्यप्रदेश में सभी वर्गों को बराबरी का अधिकार मिलेगा और यूसीसी लागू कर समान कानून की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। भाजपा ने दावा किया कि समान नागरिक संहिता किसी धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि संविधान में निहित समानता और न्याय के सिद्धांत को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।
किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को कांग्रेस ने किसानों के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर के बाहर स्थित गांधी प्रतिमा के सामने धरने पर बैठे और प्रदेश में खाद-बीज की समस्या को लेकर सरकार को घेरा। धरने पर बैठे कांग्रेस के सभी विधायक केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चैहान और मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव का मुखौटा लगा रखा था।
कांग्रेस विधायकों ने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि प्रदेश के किसान समय पर खाद और बीज नहीं मिलने से परेशान हैं, जबकि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान में विफल रही है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चैहान और सीएम मोहन यादव दोनों फाइल-फाइल खेल रहे हैं।
खाद संकट और यूसीसी पर सरकार को कांग्रेस ने घेरा
मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने खाद संकट को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसान घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद समय पर खाद नहीं पा रहे हैं। बरैया का आरोप है कि 266 रुपये की खाद की बोरी किसानों को 500 रुपये और 1,350 रुपये वाली बोरी 2,000 रुपये तक में खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार खाद की कालाबाजारी रोकने में पूरी तरह नाकाम रही है, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

यूसीसी के उद्देश्य पर उठाए सवाल
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भी बरैया ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले यूसीसी का वास्तविक उद्देश्य स्पष्ट करना चाहिए। उनका कहना था कि जब तक नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक समानता नहीं मिलेगी, तब तक यूसीसी लागू करने का औचित्य नहीं है। उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप को वैधता देने के प्रावधान पर भी आपत्ति जताते हुए इसे भारतीय संस्कृति और परंपराओं के विपरीत बताया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
