मंगलवार, 21 जुलाई 202601:35:05 PM
Download App
Home/देश

दिल्ली आज दो बड़े प्रदर्शनों का करेगी सामनाः : सीजेपी के समर्थक फिर दिखाएंगे ताकत, ट्रेड डील के विरोध में पंजाब-हरियाणा के किसान करेंगे विशाल महारैली

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 21, 2026
06:51 AM
सीजेपी के समर्थक फिर दिखाएंगे ताकत, ट्रेड डील के विरोध में पंजाब-हरियाणा के किसान करेंगे विशाल महारैली

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को एक साथ दो बड़े प्रदर्शनों का सामना करेगी। एक ओर जहां नीट पेपर लीक जैसे कई अहम मसलों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) अपने आंदोलन को लगातार जारी रखे हुए है। वहीं दूसरी ओर भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में पंजाब-हरियाणा समेत कई राज्यों किसानों ने दिल्ली कूच कर दिया है। देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर किसान दिल्ली की ओर रवाना हुए हैं। किसान दिल्ली के किसान घाट पर भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करवाने समेत कई मांगो को लेकर विशाल महारैली का आयोजन करेंगे।

जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन जारी

सोमवार को हुए हंगामे और पुलिस कार्रवाई के बावजूद सीजेपी के समर्थक मंगलवार सुबह फिर जंतर-मंतर पहुंच गए। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन खत्म नहीं होगा। उन्होंने एक बार फिर संसद मार्च निकालने का ऐलान किया है।

सोमवार को पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से हटाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया था। हालांकि, देर शाम पार्टी नेतृत्व ने तय प्रदर्शन स्थल से कुछ दूरी पर धरना जारी रखा। अब प्रदर्शनकारी फिर से निर्धारित स्थल पर लौट आए हैं, जिससे इलाके में पुलिस की चैकसी और बढ़ा दी गई है।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसानों का दिल्ली कूच

उधर, प्रस्तावित भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के विरोध में पंजाब और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में किसान दिल्ली पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर निकले किसानों का कहना है कि यह समझौता भारतीय कृषि, डेयरी उद्योग और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदायक साबित होगा। इसी मुद्दे को लेकर दिल्ली में महापंचायत आयोजित करने की तैयारी की गई है।

शंभू और खनौरी बॉर्डर पर कड़ी निगरानी

किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इलाके में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है और कई स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। वहीं खनौरी बॉर्डर और भारतमाला-जम्मू-कटड़ा एक्सप्रेसवे पर भी पुलिस ने किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। इससे कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें