रविवार, 9 अगस्त 202608:36:44 AM
Download App
Home/देश

टीसीएस धर्म परिवर्तन केस : निदा खान को पनाह देने के आरोप में AIMIM के पार्षद पर शिकंजा, पहले पुलिस ने किया अरेस्ट, फिर घर-आफिस पर चला बुलडोजर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 07, 2026
06:45 AM
निदा खान को पनाह देने के आरोप में AIMIM के पार्षद पर शिकंजा, पहले पुलिस ने किया अरेस्ट, फिर घर-आफिस पर चला बुलडोजर

छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के चर्चित कथित धर्म परिवर्तन मामले में एआईएमआईएम के पार्षद मतीन पटेल पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। अदालत के कई समन के बावजूद पेश नहीं होने पर जारी गिरफ्तारी वारंट के बाद पुलिस ने गुरुवार शाम उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे पूछताछ के लिए नासिक ले जाया गया। इसी दौरान प्रशासन ने उसके घर और कार्यालय पर बुलडोजर कार्रवाई भी शुरू कर दी। मामले में पहले से कई एफआईआर दर्ज हैं और जांच लगातार आगे बढ़ रही है।

पूर्व टीसीएस कर्मचारी को पनाह देने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, मतीन पटेल पर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की पूर्व कर्मचारी निदा खान को कथित तौर पर शरण देने का आरोप है। धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले में नाम सामने आने के बाद निदा खान के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। जांच एजेंसियों का कहना है कि बार-बार नोटिस और समन जारी किए जाने के बावजूद मतीन पटेल अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया और आखिरकार उसे हिरासत में ले लिया गया।

शिकायत से खुला पूरा मामला

पूरे मामले की शुरुआत एक महिला कर्मचारी की शिकायत से हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके सहकर्मी दानिश शेख ने शादी का झूठा वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जबकि वह पहले से विवाहित था। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि दानिश की बहन निदा खान ने उसकी धार्मिक आस्था का अपमान किया और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में कई गंभीर आरोप

पुलिस इस मामले में महिला कर्मचारियों के कथित उत्पीड़न, जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास, धार्मिक भावनाएं आहत करने, मानसिक प्रताड़ना और छेड़छाड़ सहित कई आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान आरोप सामने आए कि पीड़िता को धार्मिक साहित्य दिया गया, उसके मोबाइल में धार्मिक ऐप इंस्टॉल कराए गए और उसे एक विशेष धर्म की धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस इन सभी आरोपों के साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

निदा खान को मिली जमानत, कंपनी ने की कार्रवाई

मामले में गिरफ्तार की गई पूर्व टीसीएस कर्मचारी निदा खान को पिछले महीने स्थानीय अदालत से जमानत मिल गई थी। उसने गर्भावस्था का हवाला देते हुए राहत की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। दूसरी ओर, टीसीएस ने मामले में नाम आने वाले कर्मचारियों को निलंबित करते हुए स्पष्ट किया कि कंपनी कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, भेदभाव या जबरदस्ती के मामलों में श्जीरो टॉलरेंसश् नीति का पालन करती है। वहीं, मतीन पटेल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें