पीएम मोदी के जन्मदिन पर मप्र भाजपा की बड़ी तैयारी, : 71 हजार स्थानों पर दीपोत्सव और 97 हजार आंगनवाड़ी केन्द्रों पर होगा आंगन मिलन

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मप भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित करने जा रही है। एक माह के इस अभियान में सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता, हितग्राही कल्याण, युवा नवाचार और नागरिक दायित्व से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से आमजन को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए सत्ता और संगठन दोनों ने अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं, अभियान को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को एक प्रेस काॅन्फ्रेंस भी की, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव और अभियान प्रभारी राहुल कोठारी मौजूद रहे।

71 हजार स्थानों पर होगा दीपोत्सव
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष खंडेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से होगी। इसी दिन शाम 7 बजे प्रदेशभर में 71 हजार स्थानों पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के करीब 97 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम होंगे। वहीं 11,400 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा
अभियान के तहत 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके साथ ही ‘अनकही कहानी’ कार्यक्रम के तहत 10 से 15 मिनट के नाटकों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के जीवन और देश के विकास से जुड़े पहलुओं को प्रस्तुत किया जाएगा।
सेवा सेतु शिविरों से लोगों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
अभियान के दौरान ‘सेवा सेतु शिविर’ भी लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा ने इसे संगठन की सेवा गतिविधियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने वाला अभियान बताया है।

सीएम बोले- दुनिया भारत की ओर देख रही
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की बदलती वैश्विक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय अमेरिका ने मोदी को वीजा देने से इनकार किया था, लेकिन आज भारत की 40 से अधिक देशों के साथ साझेदारी है।
मुख्यमंत्री ने गुजरात में मोदी के करीब 12 साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने विकास का ऐसा मॉडल प्रस्तुत किया, जिसे देश में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने मध्य प्रदेश में रोजगार को लेकर कहा कि प्रदेश में 85 हजार नौकरियां दी गई हैं और एक लाख और नौकरियां देने का लक्ष्य है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
