मंगलवार, 10 नवंबर 202609:47:15 PM
Download App
Home/देश

MP पुलिस में 2673 नए पद बढ़े : डीजीपी मकवाणा ने जारी किया सांख्यिकी डाटा, थानों की संख्या भी बढ़कर 1175 हुई

admin

admin

Nov 10, 2026
04:26 PM
डीजीपी  मकवाणा ने जारी  किया सांख्यिकी डाटा,  थानों की संख्या भी बढ़कर 1175 हुई

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के संगठनात्मक विस्तार और संसाधनों में लगातार वृद्धि हो रही है। वर्ष 2025 में पुलिस बल के स्वीकृत पदों में 2673 की बढ़ोतरी हुई है, जबकि प्रदेश में पुलिस थानों की संख्या भी बढ़कर 1175 हो गई है। पुलिस वाहनों की संख्या में भी 50 का इजाफा दर्ज किया गया है। इन उपलब्धियों और पुलिस संगठन की स्थिति का पूरा लेखा-जोखा अब सांख्यिकी डाटा पुस्तिका-2025 में सामने आया है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में इस पुस्तिका का विमोचन किया।

इस पुस्तिका में 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 तक के आंकड़े शामिल किए गए हैं। इसमें पुलिस बल की स्वीकृत संख्या, संगठनात्मक संरचना, आवासीय परिसरों, वाहनों, थानों और उपलब्ध संसाधनों से संबंधित जानकारियां संकलित की गई हैं। नए संस्करण में अनावश्यक और दोहराव वाले आंकड़ों को हटाकर महत्वपूर्ण जानकारियों को सरल और व्यवस्थित स्वरूप दिया गया है, ताकि पुलिस अधिकारियों को योजना बनाने और निर्णय लेने में आसानी हो।

तकनीकी सेवाओं और हॉक फोर्स में सबसे ज्यादा नए पद

वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश पुलिस के स्वीकृत बल में कुल 2673 नए पद जोड़े गए हैं। इनमें सबसे अधिक 1266 पद तकनीकी सेवाओं यानी विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के हैं। इसके अलावा पुलिस बैंड में 932, हॉक फोर्स में 325 और उज्जैन जिला पुलिस बल में 150 नए पद स्वीकृत किए गए हैं। इन पदों में वृद्धि से पुलिस संगठन की कार्यक्षमता और तकनीकी क्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश में अब 1175 पुलिस थाने

पुलिस थानों की संख्या में भी विस्तार हुआ है। वर्ष 2024 में प्रदेश में कुल 1173 पुलिस थाने थे। उज्जैन में दो नए थानों की स्थापना के बाद वर्ष 2025 में इनकी संख्या बढ़कर 1175 हो गई है। इससे स्थानीय स्तर पर पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

वाहनों की संख्या 1150 से बढ़कर 1200 हुई

पुलिस के परिवहन संसाधनों में भी वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में पुलिस के पास 1150 वाहन थे, जिनकी संख्या वर्ष 2025 में बढ़कर 1200 हो गई। इस तरह एक साल में 50 वाहन बढ़े हैं। इसके साथ ही पुलिस के आवासीय परिसरों के प्रतिशत में भी पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि दर्ज की गई है। डायल-112 सेवा से जुड़े आंकड़ों को भी नए संस्करण में अद्यतन किया गया है।

वेबसाइट पर मिलेगा डिजिटल संस्करण

पुलिस की यह सांख्यिकी पुस्तिका जल्द ही मध्यप्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर डिजिटल स्वरूप में भी उपलब्ध होगी। इससे पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और अन्य संबंधित लोग आवश्यक आंकड़े आसानी से देख सकेंगे। पुस्तिका में उपलब्ध जानकारियां भविष्य की कार्ययोजनाएं बनाने, संसाधनों की जरूरत का आकलन करने और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मददगार होंगी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें