मंगलवार, 10 नवंबर 202604:01:41 PM
Download App
Home/देश

जनजातीय गौरव दिवस : मप्र में तीन दिनों तक होंगे भव्य आयोजन, मोहन सरकार ने तैयार किया प्लान, संस्कारधानी से होगी कार्यक्रमों की शुरुआत

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 10, 2026
11:03 AM
मप्र में तीन दिनों तक होंगे भव्य आयोजन, मोहन सरकार ने तैयार किया प्लान, संस्कारधानी से होगी कार्यक्रमों की शुरुआत

भोपाल। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मध्यप्रदेश में भव्य आयोजन किए जाएंगे। मप्र सरकार ने जनजातीय गौरव दिवस को लेकर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इस उपलक्ष्य में प्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें जनजातीय समाज के महान नायकों के सम्मान के साथ उनके नाम पर सड़कों और भवनों का नामकरण किया जाएगा। जनजातीय छात्रावासों में भी विशेष आयोजन होंगे। यह जानकारी मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने संयुक्त प्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस दी। बता दें कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को सरकार जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाती है।

जनजातीय नायकों के लिए काम कर रही सरकार

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज की बड़ी आबादी निवास करती है। केंद्र सरकार में प्रदेश से दो केंद्रीय मंत्री और राज्य सरकार में पांच मंत्री जनजातीय समाज से आते हैं। यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनजातीय नायकों और महापुरुषों के सम्मान के लिए लगातार काम किया है। जनजातीय समाज के योगदान और उनके गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

जबलपुर, धार और खंडवा में होंगे विशेष कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर को संस्कारधानी जबलपुर से होगी, जहां तीन दिवसीय आयोजनों का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर को धार और आलीराजपुर में सिंचाई परियोजनाओं से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि 16 नवंबर को खंडवा में विशेष जनजातीय गौरव आयोजन के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा। जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा सहित टंट्या मामा, राजा शंकर शाह और रानी दुर्गावती जैसे वीर जननायकों के संघर्ष और बलिदान को याद किया जाएगा।

शंकर शाह के नाम पर होगा मंडला मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री ने जनजातीय महापुरुषों के सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि मंडला मेडिकल कॉलेज का नामकरण राजा शंकर शाह के नाम पर किया जाएगा। उन्होंने रानी दुर्गावती के शौर्य का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने 52 युद्ध लड़े और सभी में विजय प्राप्त की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी जनजातीय नायकों की विरासत को सम्मान देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें