शिवपुरी जिले के विकास में लगेंगे पंख : केन्द्रीय मंत्री सिंधिया चार दिन में 134 करोड़ की देंगे सौगात, बदलेंगी बुनियादी सुविधाओं की तस्वीरें

भोपाल। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार से शिवपुरी जिले के प्रवास पर रहेंगे। वे अपने इस चार दिवसीय दौरे के दौरान उनका फोकस शिवपुरी, कोलारस और विधानसभा खेत्रों के विकास पर रहेगा। इतना ही नहीं, करीब 134 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, खेल अधोसंरचना और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
खेल प्रतियोगिताओं से होगी दौरे की शुरुआत
सिंधिया के कार्यक्रमों की शुरुआत गुरुवार सुबह शिवपुरी के श्रीमंत माधवराव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से होगी। यहां वे अंडर-18 अंतरजिला क्रिकेट टूर्नामेंट और अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग की 70वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल एथलेटिक्स चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री कोलारस विधानसभा क्षेत्र के भदोता पहुंचेंगे। यहां करीब 39 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इनमें सड़क निर्माण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य प्रमुख हैं।
इसके बाद सिंघराई माता मंदिर में करीब 14 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, केलधार स्थित कपिल मुनि आश्रम में करीब 54 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कोलारस में बनेगा नया स्टेडियम
दौरे के अंतिम दिन शनिवार को सिंधिया कोलारस में प्रस्तावित स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके बाद वे लोहादेवी मंदिर पहुंचेंगे, जहां करीब 12 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ किया जाएगा। चार दिवसीय दौरे के दौरान होने वाले इन कार्यक्रमों से शिवपुरी जिले में सड़क, खेल और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
