अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का प्रतीक है दीपावली : रोशनी के पर्व पर PM मोदी का देश को संदेश, जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने कहा कि दीपावली का त्योहार पूरे देश को रोशनी से जगमगा रहा है। यह पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प, सकारात्मकता और नई ऊर्जा का प्रतीक भी है। प्रधानमंत्री ने कामना की कि दीपावली के साथ देशवासियों का आने वाला समय सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण रहे।
'प्रकाश का पर्व अंधकार के खिलाफ संकल्प का परिचायक'
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा, "नमस्ते। दीपावली का पावन पर्व, पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है। प्रकाश का ये पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय है। आप सबको दीपावली की मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपका ये पर्व, आपका आगे का समय, सब कुछ सुख, शांति और समृद्धि से भरा हुआ रहे।"
उन्होंने कहा कि दीपावली का उत्सव उनके लिए भी विशेष महत्व रखता है और वह हर वर्ष देशवासियों की तरह बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ यह त्योहार मनाते हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के माध्यम से देश के प्रत्येक परिवार के जीवन में खुशहाली और सकारात्मकता की कामना की।
वीर जवानों के बीच दीपावली मनाने की परंपरा रहेगी जारी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में देश के वीर जवानों के साथ दीपावली मनाने की अपनी विशेष परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष दीपावली के अवसर पर देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के बीच पहुंचना उनका नियमित क्रम रहा है और इस बार भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं आपकी तरह बड़े उत्साह से दीपावली मनाता हूं और हर वर्ष आप जानते हैं, देश के वीर जवानों के बीच में जाना मेरा नित्य क्रम है, इस बार भी जारी रहेगा। आप सबको दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले कई वर्षों से दीपावली का पर्व देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ मनाते आ रहे हैं। सैनिकों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करना और उनका उत्साह बढ़ाना इस परंपरा को खास बनाता है। देश की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का यह अवसर भी होता है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
