शनिवार, 20 जून 202611:28:35 PM
Download App
Home/देश

MP ED Raid : रीवा और सीधी में ईडी की बड़ी कार्रवाई, ठेकेदारों के ठिकानों पर छापे

नीरज द्विवेदी

नीरज द्विवेदी

Jun 20, 2026
05:10 AM
रीवा और सीधी में ईडी की बड़ी कार्रवाई, ठेकेदारों के ठिकानों पर छापे

मध्य प्रदेश के रीवा और सीधी जिलों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठेकेदारों और कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। रीवा में संविदाकार त्रिवेणी प्रसाद मिश्रा, कृष्णकांत सोहगौरा और सौरभ सोहगौरा के परिसरों की जांच की गई, जबकि सीधी जिले के बढ़ौना गांव में ठेकेदार एवं सुअर फार्म संचालक स्वामी चरण सिंह के आवास पर भी ईडी की टीम ने दबिश दी।अलग-अलग टीमों ने कई घंटों तक दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की।

सुबह 6 बजे शुरू हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के साथ सुबह करीब 6 बजे रीवा के इंद्रा नगर स्थित ठेकेदार त्रिवेणी प्रसाद मिश्रा के निवास पर पहुंची। टीम ने परिसर को चारों ओर से घेरकर दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन और बैंक खातों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू की। इस दौरान मिश्रा और उनके परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की गई।

आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच

सूत्रों के मुताबिक, त्रिवेणी प्रसाद मिश्रा पिछले लगभग 15 वर्षों से लोक निर्माण विभाग (PWD), जल संसाधन विभाग और नगर निगम के बड़े निर्माण कार्यों के ठेके लेते रहे हैं। उनकी फर्में रीवा के अलावा सतना, सीधी और मऊगंज जिलों में भी सक्रिय हैं।

ईडी को आशंका है कि कुछ शेल कंपनियों के माध्यम से सरकारी धन का उपयोग निजी संपत्तियों में निवेश के लिए किया गया। इसी संदर्भ में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत जांच की जा रही है।

सोहगौरा बंधुओं के यहां भी जांच

रीवा के लालता सदन स्थित आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची, जहां ठेकेदार कृष्णकांत सोहगौरा और सौरभ सोहगौरा से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। सूत्रों के अनुसार, कृष्णकांत सोहगौरा भाजपा नेता प्रदीप सोहगौरा के भाई हैं।

जांच एजेंसी वित्तीय लेनदेन, संपत्तियों और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़े - MP Weather Update : 21 जून को बारिश का अलर्ट, कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना

सीधी में स्वामी चरण सिंह के ठिकानों पर दबिश

उधर, सीधी जिले के बढ़ौना गांव में ईडी की लगभग 15 सदस्यीय टीम ने ठेकेदार एवं सुअर फार्म संचालक स्वामी चरण सिंह के आवास और अन्य परिसरों पर छापेमारी की। टीम ने कई घंटों तक दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच की।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ईडी की कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई।

आधिकारिक बयान का इंतजार

इन सभी मामलों में ईडी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच एजेंसी जब्त किए गए दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रही है। जांच पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।रीवा और सीधी में हुई इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज है। अब सभी की निगाहें ईडी के आधिकारिक बयान और जांच के निष्कर्षों पर टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़े - PM Kisan Yojana : आज जारी होगी 23वीं किस्त, किसानों के खातों में आएंगे 2-2 हजार रुपये

नीरज द्विवेदी
Written By

नीरज द्विवेदी

5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें