गुरुवार, 30 जुलाई 202610:21:42 PM
Download App
Home/देश

Datia By-election Live : अब तक 61 फीसदी से अधिक मतदान, तीन बूथों पर खराब हुई EVM, सड़क को लेकर ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 30, 2026
08:45 AM
अब तक 61 फीसदी से अधिक मतदान, तीन बूथों पर खराब हुई EVM, सड़क को लेकर ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 11ः 30 बजे तक 32.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी खासी मौजूदगी देखने को मिली। जिन मतदाताओं ने अब तक अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया है, वे शाम 6 बजे तक अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाल सकते हैं। इस उपचुनाव में करीब 2.20 लाख मतदाता 21 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद करेंगे। चुनाव आयोग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, दतिया सीट पर अब तक 61.48 फीसदी वोटिंग हुई है।

मतदान प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ा

वहीं, तीन बूथों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आई है। जिनको समय पर ठीक किया गया। मतदान केंद्र क्रमांक 186 पर वीवीपैट, केंद्र क्रमांक 108 पर बैलेटिंग यूनिट और केंद्र क्रमांक 290 पर कंट्रोल यूनिट में दिक्कत आई। हालांकि, मॉक पोल के दौरान सभी राजनीतिक दलों के एजेंटों और कैमरों की मौजूदगी में इन मशीनों को बदल दिया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि सभी उपकरण समय पर बदल दिए गए, जिससे निर्धारित समय पर मतदान शुरू हो सका और प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ा।

ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया

इस बीच बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। ग्रामीणों ने "सड़क नहीं तो वोट नहीं" के नारे लगाए और मतदान केंद्र तक नहीं पहुंचे। सूचना मिलने पर एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें मतदान के लिए राजी किया। प्रशासन की समझाइश के बाद करीब 50 ग्रामीणों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

दतिया उपचुनाव इस बार बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा के आशुतोष तिवारी, कांग्रेस के घनश्याम सिंह और आजाद समाज पार्टी (एएसपी) के दामोदर यादव के बीच त्रिकोणीय होता नजर आ रहा है। तीनों दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकी थी, जिसके चलते मुकाबला काफी रोचक बन गया है। हालांकि अंतिम फैसला अब मतदाताओं के हाथ में है।

पिछले चुनाव के आंकड़े बढ़ा रहे उत्सुकता

दतिया का चुनावी इतिहास भी काफी दिलचस्प रहा है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने 88,977 वोट हासिल कर भाजपा के दिग्गज नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,742 मतों से हराया था। कांग्रेस को 50.34 प्रतिशत और भाजपा को 45.96 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं, मतदान प्रतिशत भी चर्चा का विषय रहा था। वर्ष 2018 में जहां 76.80 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं 2023 में यह घटकर 73.62 प्रतिशत रह गया था। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मतदान प्रतिशत में आई गिरावट का असर चुनाव परिणाम पर साफ दिखाई दिया था।

टाइमलाइन अपडेट

08:48 AM30 Jul 2026

यहां के लोगों ने किया विरोध

दतिया में उपचुनाव की वोटिंग शुरू: लखनपुर में ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का विरोध, अब तक शून्य मतदान, कलेक्टर बोले- व्यवस्थाएं चाक-चौबंद और माहौल शांतिपूर्ण

दतिया विधानसभा के बसई के लखनपुर ग्राम में उपचुनाव का लोगों ने विरोध किया है। इसी विरोध के चलते लखनपुर मतदान केंद्र पर अब तक कोई वोट नहीं पड़ा है। ग्रामीणों का विरोध रोड नहीं तो वोट नहीं है। पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे

08:47 AM30 Jul 2026

मतदान के बाद नरोत्तम मिश्रा का बड़ा दावा

पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी अपने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान कर रही है। मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने पिछले 15 वर्षों में क्षेत्र से गुंडाराज समाप्त किया और विकास की नई पहचान बनाई, जबकि कांग्रेस केवल लोगों को भ्रमित करने का काम करती रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी 25 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें