बुधवार, 3 जून 202606:02:49 PM
Download App
Home/देश

कूनो नेशनल पार्क : भारत में जन्मी मादा चीता केजीपी11 घायल, उपचार जारी, ट्रैकिंग के दौरान मिली असामान्यता से खुला मामला

admin

admin

Jun 03, 2026
10:20 AM
भारत में जन्मी मादा चीता केजीपी11 घायल, उपचार जारी, ट्रैकिंग के दौरान मिली असामान्यता से खुला मामला

श्योपुर। श्योपुर जिले कूनो नेशनल पार्क से एक बड़ी खबर सामने आई है। भारत में जन्मी 27 माह की मादा चीता केजीपी11 को मुरैना जिले के पहाड़गढ़ क्षेत्र में ट्रैकिंग के दौरान घायल अवस्था में पाया गया है। घटना एक जून की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कूना प्रशासन और विभाग की टीम ने बिना देरी किए हुए तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे रेस्क्यू कर नेशनल पार्क ले जाया गया है। केजीपी11 के उपचार में कूनो के पालपुर स्थित वेटरनरी सुविधा केंद्र के डॉक्टर्स लगे हुए है।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, नियमित निगरानी के दौरान ट्रैकिंग दल को केजीपी11 की गतिविधियों में असामान्यता दिखाई दी। इसके बाद टीम ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। पशु चिकित्सा दल मौके पर पहुंचा और प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण में उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए।

पालपुर केंद्र में चल रहा उपचार

स्थिति गंभीरता को देखते हुए घायल चीता को तत्काल पालपुर स्थित पशु चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार शुरू किया गया। वर्तमान में केजीपी11 को क्वारंटाइन बोमा में रखा गया है, ताकि संक्रमण या किसी अन्य जोखिम से बचाया जा सके। अधिकारियों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है और वह इलाज पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रही है।

जंगल में छोड़े जाने के बाद पहली बड़ी घटना

केजीपी11 उन चीतों में शामिल है जिनका जन्म कूनो राष्ट्रीय उद्यान में हुआ था। मार्च 2025 में उसे खुले जंगल में स्वतंत्र रूप से छोड़ा गया था, ताकि वह प्राकृतिक वातावरण में शिकार करने और जीवित रहने की क्षमता विकसित कर सके। यह कदम चीता पुनर्स्थापन परियोजना के अगले चरण का हिस्सा था।

जांच और निगरानी जारी

वन विभाग ने इस घटना के बाद चोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। रेडियो कॉलर और आधुनिक ट्रैकिंग प्रणाली के जरिए सभी चीतों की लगातार निगरानी की जा रही है। फिलहाल कूनो प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पार्क में मौजूद अन्य सभी चीते पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी नियमित निगरानी जारी है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें