भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल : मप्र के चार के नेताओं को राज्यों की मिली बड़ी जिम्मेदारी, भदौरिया को आंध्र तो गजेन्द्र को मिली झारखंड की कमान

भोपाल। भाजपा ने बुधवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई नेताओं को नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस अहम बदलाव में मध्यप्रदेश के नेताओं पर भी संगठन ने भरोसा जताया है। पूर्व मंत्री और भिंड जिले की अटेर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक अरविंद भदौरिया को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। अब उन्हें आंध्र प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और गतिविधियों के समन्वय की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
वहीं मप्र राज्यसभा सांसद और भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार को राजस्थान का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। पाटीदार पहले से ही पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी संभाल रही हैं। नई नियुक्ति के साथ राजस्थान में संगठन से जुड़े कार्यों में उनकी भूमिका बढ़ेगी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मप्र सरकार के पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य को पश्चिम बंगाल का सह प्रभारी बनाया गया है। पार्टी ने उन्हें पश्चिम बंगाल जैसे महत्वपूर्ण राज्य में संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है।
गजेंद्र पटेल को झारखंड की कमान
खरगोन से सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल को झारखंड का प्रभारी नियुक्त किया गया है। आदिवासी बहुल झारखंड में पार्टी ने पटेल को संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। इसके अलावा बृज गोपाल लोया को भाजपा का मीडिया प्रभारी और आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
