कीमती धातुओं के चमक पड़ी फीकी : एक सप्ताह में गोल्ड 5000 तो सिल्वर 15000 हुआ सस्ता, ग्लोबल मार्केट में नरमी का दिखा असर

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती स्थिरता और निवेशकों की मुनाफावसूली के बीच इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसका सीधा असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत एक सप्ताह में 5,097 रुपये घटकर 1,39,873 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। इससे पहले इसका भाव 1,44,970 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
22 कैरेट सोने की कीमत भी घटकर 1,28,124 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई, जबकि 18 कैरेट सोना 1,04,905 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। सप्ताह के दौरान 25 जून की शाम को सोने का न्यूनतम भाव 1,39,461 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जबकि 22 जून की सुबह इसका उच्चतम स्तर 1,47,310 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा।
चांदी में सबसे बड़ी गिरावट, 15 हजार से ज्यादा टूटा भाव
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट देखने को मिली। आईबीजेए के मुताबिक, चांदी का भाव इस सप्ताह 15,432 रुपये घटकर 2,16,541 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। पिछले सप्ताह यह 2,31,973 रुपये प्रति किलो था।
सप्ताह के दौरान 22 जून की शाम को चांदी का उच्चतम भाव 2,37,801 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया, जबकि 25 जून की सुबह इसका न्यूनतम स्तर 2,15,485 रुपये प्रति किलो रहा। आईबीजेए प्रतिदिन सुबह और शाम दो बार सोने और चांदी के ताजा भाव जारी करता है।
क्यों आई कीमतों में गिरावट?
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरों को ऊंचे स्तर पर बनाए रखने या बढ़ाने के संकेत मिलने से निवेशकों ने सोने और चांदी में मुनाफावसूली शुरू कर दी। इसके साथ ही अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से भी कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है।
वैश्विक बाजार में सोना 4,100 डॉलर प्रति औंस और चांदी 60 डॉलर प्रति औंस के नीचे कारोबार कर रही है। पिछले एक महीने में सोने की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत और चांदी में लगभग 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संकेतकों और केंद्रीय बैंकों की नीतियों के आधार पर दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
