सागर शराब कांड में सरकार सख्त : अस्पताल पहुंचकर मंत्री ने पीडि़तों को बंधाया ढाढस, तीन दिन में मुआवजा; दोषियों पर कठोर कार्रवाई का आश्वासन

भोपाल। सागर जिले के बण्डा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों और बीमारियों के बाद सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचकर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और साफ कहा कि पीड़ितों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तीन दिन में मिलेगा मुआवजा
मंत्री राजपूत ने कहा कि दूषित शराब से जिन लोगों की मौत हुई है या जो गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं, उनके परिवारों को तीन दिन के भीतर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन पीड़ित परिवारों के पास संबल कार्ड नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार सहायता दिलाने की व्यवस्था की जाएगी सरकार का जोर फिलहाल प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के साथ मरीजों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने पर है। मंत्री ने अधिकारियों को भी इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
तीन मरीजों की आंखों में गंभीर असर
बीएमसी में निरीक्षण के दौरान मंत्री को तीन मरीजों की आंखों में गंभीर परेशानी की जानकारी मिली। सुनील विश्वकर्मा, सुल्तान सिंह और गोविंद अहिरवार की हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल बेहतर उपचार के लिए भोपाल भेजने का फैसला लिया गया।
मंत्री ने भोपाल के एम्स के चिकित्सकों से दूरभाष पर चर्चा कर तीनों मरीजों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके बाद उन्हें तत्काल भोपाल रवाना किया गया। राजपूत ने कहा कि जरूरत पड़ने पर मरीजों को प्रदेश की बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शराब माफिया पर कार्रवाई तेज
दूषित शराब मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर मंत्री ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसा जा रहा है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई होगी। सरकार इस मामले में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
