थलापति की जंबो टीम तैयार : राज्यपाल ने 23 मंत्रियों को दिलाई गोपनीयता की शपथ, कांग्रेस के लिए भी है खुशखबरी

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में आज का दिन बेहद खास रहा। दरअसल मुख्यमंत्री थलापति विजय ने गुरुवार को मंत्रियों की जंबो टीम तैयार कर ली है। राज्यपाल ने एक साथ 23 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों का आंकड़ा 32 पर पहुंच गया है। बता दें कि विजय ने 10 मई को सीएम पद की शपथ ली थी। उनके साथ 9 मंत्रियों को भी गोपनीयता की शपथ दिलाई गई थी। इस विस्तार के साथ राज्य सरकार को और मजबूत तथा संतुलित बनाने की कोशिश की गई है।
नए मंत्रियों में क्षेत्रीय संतुलन
मुख्यमंत्री विजय ने मंत्रिमंडल गठन में क्षेत्रीय संतुलन पर विशेष ध्यान दिया है। नई टीम में थूथुकुडी, कांचीपुरम, कडलूर, अरक्कोनम, कोयंबटूर, सेलम, तांबरम और वेलाचेरी जैसे कई महत्वपूर्ण इलाकों के विधायकों को शामिल किया गया है।
नई कैबिनेट में श्रीनाथ, कमाली एस, सी विजयलक्ष्मी, आरवी रंजीतकुमार, विनोद, राजीव, बी राजकुमार, वी गांधीराज और मथन राजा पी समेत कई नए चेहरों को मौका मिला है। इसके अलावा मोहम्मद फरवास जे, डी सरथकुमार, एन मैरी विल्सन और विग्नेश के को भी मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
59 साल बाद सरकार में कांग्रेस की वापसी
इस मंत्रिमंडल विस्तार की सबसे बड़ी खासियत कांग्रेस पार्टी की सत्ता में वापसी रही। करीब 59 साल बाद तमिलनाडु में किसी क्षेत्रीय दल के नेतृत्व वाली सरकार में कांग्रेस को जगह मिली है। मुख्यमंत्री विजय ने कांग्रेस के दो विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल कर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। कांग्रेस विधायक राजेश कुमार एस और पी विश्वनाथन को मंत्री पद देकर टीवीके ने सहयोगी दलों के साथ मजबूत तालमेल का संकेत दिया है। राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावों से पहले गठबंधन राजनीति को मजबूत करने की रणनीति मान रहे हैं।
सरकार को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री विजय ने सभी नए मंत्रियों को बधाई देते हुए जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देगी। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि नए चेहरों के शामिल होने से सरकार के कामकाज में नई ऊर्जा आएगी और प्रशासनिक फैसलों में तेजी देखने को मिलेगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
