केन्द्रीय मंत्री सिंधिया का ऐलान : ग्वालियर बनेगा देश का पहला टेलीकाॅम मैन्युफैक्चरिंग जोन, 350 एकड़ में आकार लेगा हाईटेक हब

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर को देश के डिजिटल और औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को घोषणा की कि ग्वालियर में भारत का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन स्थापित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार के बीच नई दिल्ली के विज्ञान भवन में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे।
करीब 350 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर तैयार किया जाएगा, ताकि उद्योगों को अत्याधुनिक आधारभूत सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें। परियोजना के पहले चरण में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए केंद्र सरकार ने 493 करोड़ रुपए की 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है।
आत्मनिर्भर भारत को मिलेगी नई रफ्तार
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और विकसित भारत-2047 के विजन को नई गति देगी। उनके अनुसार, इस जोन के माध्यम से भारत में दूरसंचार उपकरणों के निर्माण के लिए विश्वस्तरीय इकोसिस्टम विकसित होगा, जिससे देश वैश्विक टेलीकॉम विनिर्माण केंद्र के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा।
उन्होंने कहा कि ग्वालियर में बनने वाला यह जोन घरेलू उत्पादन क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ विदेशी निवेश आकर्षित करेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।
5जी-6जी तकनीक और सेमीकंडक्टर पर रहेगा फोकस
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस एकीकृत विनिर्माण जोन में मोबाइल फोन, दूरसंचार नेटवर्क उपकरण, फाइबर ऑप्टिक उत्पाद, सेमीकंडक्टर तथा 5जी और 6जी तकनीकों के अनुसंधान, विकास और उत्पादन के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह परियोजना इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट योजनाओं को भी मजबूती देगी।
इसके अलावा, यह जोन अनुसंधान, नवाचार और विनिर्माण को एक ही मंच पर जोड़ने वाला व्यापक औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार करेगा। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स और दूरसंचार क्षेत्र से जुड़े एमएसएमई और स्टार्टअप्स को भी नए अवसर मिलेंगे। परियोजना के संचालन के बाद ग्वालियर न केवल देश का प्रमुख टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग केंद्र बनेगा, बल्कि वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स और दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र में भारत की स्थिति को भी नई मजबूती मिलेगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
