देश में फल-फूल सब्जियों का रिकार्ड उत्पादन : किसानों की मेहनत ने रचा इतिहास, बागवानी फसलों को लेकर शिवराज ने किया बड़ा दावा

नई दिल्ली। देश के किसानों की मेहनत, आधुनिक कृषि तकनीकों और केंद्र सरकार की योजनाओं का असर अब बागवानी क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चैहान ने बागवानी फसलों के रिकॉर्ड उत्पादन को लेकर महत्वपूर्ण आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कृषि विविधीकरण को तेजी से बढ़ावा मिल रहा है। किसान पारंपरिक खेती के साथ बागवानी फसलों की ओर भी रुख कर रहे हैं, जिससे उत्पादन में लगातार वृद्धि हो रही है।
कृषि मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीसरे अग्रिम अनुमान (2025-26) के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि देश में बागवानी फसलों का कुल उत्पादन बढ़कर 3,869.15 लाख टन होने की उम्मीद है। जबकि वर्ष 2024-25 में यह उत्पादन 3,707.38 लाख टन था। इस तरह एक साल में 161.77 लाख टन की बढ़ोतरी और 4.36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज होने का अनुमान है।
कम जमीन में अधिक उत्पादन, किसानों की मेहनत लाई रंग
शिवराज ने कहा कि इस बार बागवानी फसलों का रकबा पिछले वर्ष की तुलना में कम रहा है। पिछली बार लगभग 301 लाख हेक्टेयर भूमि पर खेती हुई थी, जबकि इस बार यह घटकर करीब 297 लाख हेक्टेयर रह गया। इसके बावजूद उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी होना बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि उन्नत कृषि पद्धतियों, आधुनिक तकनीकों, बेहतर किस्मों और किसानों की मेहनत ने कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन का रास्ता तैयार किया है। यह कृषि क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव का प्रमाण है।
फलों और सब्जियों की पैदावार में शानदार उछाल

कृषि मंत्री के अनुसार, फलों के उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। केला, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल जैसी फसलों की बेहतर पैदावार से फलों के उत्पादन में 4.60 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है।
वहीं, सब्जियों का कुल उत्पादन बढ़कर 2,272.68 लाख टन पहुंचने की संभावना है। इसमें करीब 4.35 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। खास बात यह है कि आलू का उत्पादन 12 प्रतिशत बढ़कर 655.70 लाख टन होने की उम्मीद है, जबकि टमाटर का उत्पादन 214 लाख टन तक पहुंच सकता है। प्याज का कुल उत्पादन 288.96 लाख टन रहने का अनुमान है।
फूलों और मसालों की खेती में भी बढ़ा किसानों का मुनाफा

शिवराज सिंह चैहान ने बताया कि फूलों के उत्पादन में लगभग 14.45 प्रतिशत की बड़ी वृद्धि होने का अनुमान है। वहीं, सुपारी, नारियल, काजू, पान के पत्ते और कोको जैसी बागानी फसलों का उत्पादन 7.56 प्रतिशत बढ़कर 182.64 लाख टन तक पहुंच सकता है।
सुगंधित और औषधीय पौधों का उत्पादन भी 9.28 लाख टन रहने की संभावना है। इसके अलावा हल्दी, लहसुन, करी पत्ता और इलायची जैसी मसाला फसलों का प्रदर्शन भी बेहतर रहा है। देश में मसालों का कुल उत्पादन 123.54 लाख टन पहुंचने का अनुमान है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
