मंगलवार, 17 नवंबर 202607:00:25 PM
Download App
Home/देश

मालवा के लिए ऐतिहासिक पल : गांधीसागर में मोहन कैबिनेट करेगी महामंथन, 11,500 करोड़ की परियोजना से विकास को मिलेगी नई उड़ान

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 17, 2026
10:09 AM
गांधीसागर में मोहन कैबिनेट करेगी महामंथन, 11,500 करोड़ की परियोजना से विकास को मिलेगी नई उड़ान

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमत्री डाॅ. मोहन यादव मप्र की तस्वीर बदलने के लिए लगातार नवाचार कर रहे हैं। डेस्टिनेशन कैबिनेट भी उसी नवाचार का हिस्सा है। अब मालवा भी इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। सीएम डाॅ. यादव बुधवार को गांधीसागर में 9वीं डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक करेंगे। बैठक में उद्योग और ऊर्जा, किसान कल्याण, औद्योगिक विकास और क्षेत्रीय विकास से जुड़े प्रस्तावों पर मंथन होगा। खास बात यह है कि सीएम यादव क्रूज के जरिए बैठक स्थल तक पहुंचेंगे और अध्यक्षता करेंगे।

भोपाल से निकलकर प्रदेश के हर अंचल तक पहुंचेगी सरकार

दरअसल, मध्यप्रदेश के विकास को केवल राजधानी भोपाल तक सीमित न रखते हुए प्रदेश के प्रत्येक अंचल की विशेषताओं, जरूरतों और संभावनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डेस्टिनेशन कैबिनेट की अभिनव पहल की है। इस पहल के अंतर्गत मंत्रिपरिषद की बैठकें प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक महत्व वाले अलग-अलग स्थानों पर आयोजित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री की सोच है कि प्रदेश का हर क्षेत्र अपनी अलग पहचान और विशेषता रखता है। कहीं ऐतिहासिक विरासत है, कहीं धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है, तो कहीं पर्यटन, कृषि, उद्योग, ऊर्जा और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को पहचानकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

11,500 करोड़ की परियोजना बनेगी बैठक का मुख्य आकर्षण

इस बार की कैबिनेट बैठक में 1920 मेगावाट क्षमता वाली गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना आकर्षण का केंद्र रहेगी। करीब 11,500 करोड़ रुपये की लागत वाली इस मेगा परियोजना को ग्रीनको ग्रुप तैयार कर रहा है। परियोजना के टर्बाइनों के पहले सेट का संचालन दिसंबर में शुरू होगा, जबकि जून 2027 से परियोजना पूरी तरह काम करने लगेगी।

इस परियोजना से उत्पादित बिजली एनटीपीसी, एसईसीआई और मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों की बिजली वितरण कंपनियों को बेची जाएगी। इससे न केवल बिजली की दरें कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

परियोजना के निर्माण के दौरान लगभग 4,000 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। वहीं, इसके संचालन और रखरखाव के दौरान साइट पर करीब 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा।

मंदसौर से रतलाम तक औद्योगिक विकास के प्रस्तावों पर नजर

कैबिनेट बैठक में मालवा क्षेत्र के औद्योगिक विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें मंदसौर में केमिकल इंडस्ट्रीज पार्क, रतलाम में बायो प्लांट और मंदसौर के बसई में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा क्षेत्र के विकास से जुड़े कई नए कामों को भी इस बैठक में हरी झंडी मिल सकती है।

जबलपुर से गांधीसागर तक पहुंचा डेस्टिनेशन कैबिनेट का सफर

वीरांगना रानी दुर्गावती की स्मृति में पहली बार 3 जनवरी 2024 को जबलपुर में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक से शुरू हुआ डेस्टिनेशन कैबिनेट का सफर संग्रामपुर, महेश्वर, इंदौर, पचमढ़ी, खजुराहो, नागलवाड़ी और जगदीशपुर से होते हुए अब मंदसौर जिले के गांधीसागर पहुंचा है।

इन बैठकों के जरिए संबंधित क्षेत्र की पहचान प्रदेश और देश के सामने प्रमुखता से आती है। विकास परियोजनाओं को नई गति मिलती है, पर्यटन और स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही ऐतिहासिक विरासत को व्यापक पहचान मिलने के साथ नई पीढ़ी को अपने इतिहास और गौरवशाली विरासत से जुड़ने का अवसर भी मिलता है।

स्थानीय पहचान से विकास को जोड़ने की पहल

कुल मिलाकर देखा जाए तो डेस्टिनेशन कैबिनेट पहल का दूरगामी महत्व है। इसके जरिए प्रदेश के अलग-अलग अंचलों को उनकी पहचान, संसाधनों और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विकास के अवसर मिल रहे हैं। इससे निवेश और पर्यटन की संभावनाएं बढ़ने के साथ सरकार और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय भी मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की यह पहल शासन को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचाने और विकास को स्थानीय जरूरतों एवं संभावनाओं से जोड़ने का माध्यम बन रही है। अब देखना होगा कि मंदसौर जिले के गांधीसागर में होने जा रही यह 9वीं डेस्टिनेशन कैबिनेट प्रदेश के विकास के लिए कौन से नए द्वार खोलती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें