आईपीएल के मैदान में एक युग का अंत : माही ने किया संन्यास का ऐलान, अब सीएसके के लिए नई पीढ़ी करेंगे तैयार

चेन्नई। आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सीएसके को पांच बार चैंपियन बनाने वाले खिलाड़ी और पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने आईपीएल को अलविदा कह दिया है। हालांकि चेन्नई से उनका रिश्ता बरकरार रहेगा। धोनी अब सीएसके का मेंटर बनकर टीम की कमान संभालेंगे। धोनी भले ही सीएसके से जुड़े रहे, लेकिन आईपीएल के मैदान में एक युग का अंत हो गया है।
पांच आईपीएल खिताब दिलाकर रचा इतिहास
महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे सफल कप्तान रहे हैं। उनकी अगुवाई में टीम ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। चेन्नई ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा। धोनी आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने किसी एक टीम की 212 मुकाबलों में कप्तानी की। उनकी कप्तानी में सीएसके ने 128 मैचों में जीत दर्ज की।
सीएसके ने कहा- धोनी हमेशा टीम की पहचान रहेंगे
चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धोनी के योगदान को याद करते हुए कहा कि अनगिनत जीत, कठिन दौर और यादगार पलों के बीच एमएस धोनी हमेशा टीम की यात्रा के केंद्र में रहे हैं। टीम को गौरव तक पहुंचाने से लेकर अगली पीढ़ी का मार्गदर्शन करने तक उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। धोनी हमेशा टीम की पहचान का हिस्सा रहेंगे और चेन्नई उनका घर रहेगा।

श्रीनिवासन बोले- धोनी के बिना सीएसके की कल्पना नहीं
सीएसके के मालिक एन. श्रीनिवासन ने भी धोनी के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि एमएस धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना नहीं की जा सकती। वर्ष 2008 में धोनी को टीम का हिस्सा बनाने का फैसला उनके जीवन के सबसे अच्छे फैसलों में से एक साबित हुआ। उन्होंने धोनी को शानदार खिलाड़ी के साथ बेहतरीन इंसान भी बताया।
आंकड़ों में भी धोनी का दबदबा
धोनी ने अपने आईपीएल करियर में 278 मुकाबले खेले और 5,439 रन बनाए। उनके नाम 24 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उन्होंने 272 मैच खेले और 5,314 रन बनाए। कप्तानी के अलावा उनके शानदार मैच फिनिश और मशहूर हेलीकॉप्टर शॉट ने उन्हें क्रिकेट प्रेमियों के बीच खास पहचान दिलाई।
अब 2027 से मेंटर की नई भूमिका में धोनी चेन्नई सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी को तैयार करते नजर आएंगे। मैदान पर उनकी मौजूदगी भले ही खत्म हो जाए, लेकिन सीएसके के साथ उनका जुड़ाव जारी रहेगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
