आईपीएल 2027 से पहले एसआरएच के लिए बुरी खबर : अगला सीजन नहीं खेलेंगे ऑस्ट्रेलियाई विस्फोटक बल्लेबाज डेविस हेड, अभिषेक के साथ टूटेगी खतरनाक जोड़ी?

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को बड़ा झटका लगा है। टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने अगले सीजन में नहीं खेलने का फैसला किया है। उन्होंने वर्कलोड का हवाला देते हुए यह फैसला लिया है। हेड ने अपने इस कदम की जानकारी फ्रेंचाइजी को दे दी है।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे बड़ी चुनौती अब नया सलामी बल्लेबाज तलाशना होगी। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। दोनों की तेज शुरुआत टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम रही है। हेड के अगले सीजन से बाहर रहने के बाद अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए एसआरएच को नया विकल्प तलाशना होगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का व्यस्त कार्यक्रम बना वजह
बता दें कि ट्रेविस हेड के आईपीएल 2027 से बाहर रहने की सबसे बड़ी वजह ऑस्ट्रेलिया का व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम बताया जा रहा है। आने वाले महीनों में ऑस्ट्रेलियाई टीम को कई महत्वपूर्ण मुकाबले खेलने हैं। इनमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल, एशेज सीरीज और 2027 का एकदिवसीय विश्व कप प्रमुख हैं।
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने भी पहले संकेत दिए थे कि टीम को अपने खिलाड़ियों के कार्यभार और अंतरराष्ट्रीय प्राथमिकताओं को देखते हुए कुछ महत्वपूर्ण फैसले लेने होंगे। ऐसे में हेड ने राष्ट्रीय टीम की तैयारियों और आराम को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है।
6.8 करोड़ में खरीदे गए, 14 करोड़ में हुए थे रिटेन
ट्रेविस हेड पिछले तीन सत्रों से सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रहे हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 2024 की नीलामी में 6.8 करोड़ रुपये में खरीदा था। पहले ही सीजन में उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, फाइनल में हैदराबाद को कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद एसआरएच ने 2025 की बड़ी नीलामी से पहले उन्हें 14 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। अब उनके आईपीएल से हटने के फैसले के बाद फ्रेंचाइजी को यह राशि अपने आगामी टीम संयोजन के लिए उपलब्ध हो सकती है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
