बुधवार, 27 मई 202607:27:05 PM
Download App
Home/देश

कर्नाटक कांग्रेस में सत्ता के लिए संघर्ष : गृह मंत्री बोले- आलाकमान का फैसला होगा मान्य, सुरजेवाला आज करेंगे पीसी

admin

admin

May 27, 2026
09:31 AM
गृह मंत्री बोले- आलाकमान का फैसला होगा मान्य, सुरजेवाला आज करेंगे पीसी

बेंगलुरु। कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें जोरों से चल रही हैं। इस तरह की खबरें तब और सुर्खियों में जब मंगलवार को कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को दिल्ली तलब कर लिया और दोनों नेताओं के साथ हाईलेवल मीटिंग की। इस बैठक के बाद कर्नाटक में सीएम बदलने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। सूत्रों की मानें तो गुरुवार राज्य का नया सीएम मिल भी सकता है। इन अटकलों पर प्रदेश के गृह मंत्री जी परमेश्वर का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी के नेता हाईकमान के फैसले का पालन करेंगे।

जी परमेश्वर ने बेंगलुरू में मीडिया से बातचीत के दौरान परमेश्वर ने नेतृत्व में बदलाव की अटकलों से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हम हाई कमान के फैसले का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मामला चाहे जो भी हो, हाई कमान ही फैसला करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे और इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करेंगे।

सुरजेवाला पार्टी नेताओं से करेंगे बात

उन्होंने आगे कहा कि एआईसीसी के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला बेंगलुरु आ रहे हैं और वे नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर सभी स्पष्टीकरण देंगे। हमें कल दिल्ली में हुई बैठक के विवरण की जानकारी नहीं है। हमें नहीं पता कि वहां क्या चर्चा हुई। परमेश्वर ने आगे कहा कि सुरजेवाला मीडिया को जानकारी देने से पहले बेंगलुरु में पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। वह बैठक से जुड़ी जानकारी सहित सभी विवरण देंगे। वह आज या कल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं। हमें नहीं पता कि सुरजेवाला और अन्य वरिष्ठ नेता क्या घोषणा करने वाले हैं।

सीएम ने राजभवन से मिलने का मांगा समय

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कथित तौर पर गुरुवार राजभवन में मिलने का समय मांगा है और उम्मीद है कि वे अपना इस्तीफा सौंपेंगे। सूत्रों ने बताया कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ नाश्ते पर हुई बैठक के बाद सिद्धारमैया के राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपने की संभावना है। सूत्रों ने आगे दावा किया कि मुख्यमंत्री ने गुरुवार को होने वाली एक बैठक के लिए कैबिनेट मंत्रियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में सभी मंत्रियों को मंगलवार रात संदेश भेजे गए थे।

सिद्धारमैया से पद छोडने के लिए कहा राहुल ने

सूत्रों ने आगे बताया कि राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से पद छोड़ने को कहा है, ताकि शिवकुमार को मुख्यमंत्री के पद पर बिठाया जा सके। सिद्धारमैया खेमे का अब दावा है कि वह इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं, क्योंकि उन्हें दूसरी बार मुख्यमंत्री बनाने में राहुल गांधी ने अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, इस खेमे का यह भी कहना है कि मंत्रियों का एक समूह और उनके कट्टर समर्थक इस कदम का जोरदार विरोध कर रहे हैं और इस बात पर अड़े हैं कि सिद्धारमैया को किसी भी हाल में पद नहीं छोड़ना चाहिए।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें