रविवार, 14 जून 202607:54:11 PM
Download App
Home/देश

महिला टी-20 वल्र्ड कप: : भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से रौंदा, दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाज़ी, 106 रन पर ढेर हुआ विरोधी

admin

admin

Jun 14, 2026
05:06 PM
भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से रौंदा, दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाज़ी, 106 रन पर ढेर हुआ विरोधी

बर्मिंघम। आईसीसी विमेंस टी20 वल्र्ड कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रनों से करारी शिकस्त दी। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 171 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया और फिर पाकिस्तान को 17 ओवर में 106 रनों पर ढेर कर दिया।

स्मृति-हरमन की साझेदारी ने संभाली पारी

भारत की शुरुआत खराब रही और पावरप्ले में ही दो विकेट गिर गए। शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार वापसी कराते हुए तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की अहम साझेदारी की।

स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों में 68 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे। वहीं हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों पर 36 रन बनाए। अंत में ऋचा घोष ने 17 गेंदों में 34 रन की तेज़ पारी खेलकर स्कोर को 171 तक पहुंचाया।

दीप्ति शर्मा की फिरकी ने तोड़ा पाकिस्तान का दम

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। केवल मुनीबा अली ही संघर्ष कर पाईं, जिन्होंने 41 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज़ भारतीय गेंदबाज़ों के सामने टिक नहीं सके।

दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 5 विकेट झटके और पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी की रीढ़ तोड़ दी। उनके अलावा श्री चरणी ने 3 विकेट लिए जबकि एक विकेट शेफाली वर्मा को मिला। पाकिस्तान की 9 बल्लेबाज़ स्पिन गेंदबाज़ों का शिकार बनीं।

भारत का वल्र्ड कप अभियान मजबूत शुरुआत के साथ

यह जीत भारत के लिए टूर्नामेंट में आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हुई है। भारत अब तक विमेंस टी20 वल्र्ड कप नहीं जीत सका है, लेकिन इस बार टीम मजबूत लय में नजर आ रही है। 2020 में भारत फाइनल तक पहुंचा था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया से हार गया था।

भारत बनाम पाकिस्तान हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

टी20 इंटरनेशनल में दोनों टीमों के बीच अब तक 16 मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने 13 बार जीत दर्ज की है। वल्र्ड कप में भारत का दबदबा और भी मजबूत रहा है, जहां उसने 8 में से 6 मुकाबले जीते हैं।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें