गुरुवार, 16 जुलाई 202609:40:31 PM
Download App
Home/देश

वनडे सीरीजः : इंग्लैंड पर अजेय बढ़त लेने मैदान पर उतरेगा भारत, गिल की चोट ने टीम इंडिया की बढ़ाई चिंता, हिटमैन के बल्ले पर रहेंगी नजरें

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 16, 2026
06:12 AM
इंग्लैंड पर अजेय बढ़त लेने मैदान पर उतरेगा भारत, गिल की चोट ने टीम इंडिया की बढ़ाई चिंता, हिटमैन के बल्ले पर रहेंगी नजरें

कार्डिफ। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम गुरुवार को दूसरे मुकाबले में सीरीज अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। टी20 सीरीज में मिली निराशाजनक हार के बाद वनडे प्रारूप में भारत ने दमदार वापसी की है और अब उसकी नजरें कार्डिफ के सोफिया गार्डेंस में जीत के साथ अजेय बढ़त हासिल करने पर होंगी। हालांकि मैच से पहले कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस सबसे बड़ा चर्चा का विषय बनी हुई है।

गिल की चोट ने बढ़ाई चिंता

पहले वनडे में 80 रन की शानदार पारी खेलने वाले शुभमन गिल मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अब तक उनकी फिटनेस पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि गिल दूसरे वनडे तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे, लेकिन अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा। यदि गिल नहीं खेलते हैं तो भारत को शीर्ष क्रम में बदलाव करना पड़ सकता है।

रोहित शर्मा पर बड़ी जिम्मेदारी

पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पहले वनडे में बड़ी पारी खेलने से चूक गए थे। कप्तानी छोड़ने के बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी शैली में बदलाव जरूर किया है, लेकिन लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन की जरूरत अब पहले से ज्यादा महसूस की जा रही है। पिछले साल अक्टूबर से अब तक खेले गए 13 वनडे में रोहित ने एक शतक और चार अर्धशतकों की मदद से 563 रन बनाए हैं, लेकिन टीम में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच उनसे हर मैच में बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।

बुमराह की वापसी और ऑलराउंडरों ने बढ़ाया भरोसा

भारत के लिए सबसे सकारात्मक पहलू जसप्रीत बुमराह की शानदार वापसी रही है। 2023 विश्व कप फाइनल के बाद पहली बार वनडे खेलने उतरे बुमराह ने अपनी पुरानी लय की झलक दिखाई। वहीं, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ने बल्ले और गेंद दोनों से उपयोगी योगदान देकर टीम संतुलन को मजबूत किया। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से टीम प्रबंधन काफी संतुष्ट नजर आया।

प्लेइंग-11 में हो सकता है बदलाव

कार्डिफ की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। ऐसे में भारत बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को गुरनूर बरार की जगह मौका दे सकता है। पहले मैच में बरार ने दो विकेट जरूर लिए थे, लेकिन नौ ओवर में 61 रन खर्च किए थे। यदि यह बदलाव होता है तो कुलदीप यादव को एक बार फिर इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर के अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए दोनों के टीम में बने रहने की पूरी संभावना है।

भारत की नजर अब सिर्फ दूसरे वनडे में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करने पर होगी, जबकि इंग्लैंड घरेलू मैदान पर वापसी कर मुकाबले को निर्णायक मैच तक ले जाने की पूरी कोशिश करेगा। ऐसे में कार्डिफ में एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें