समाधान ऑनलाइन में CM का सख्त रुख : उद्योग महाप्रबंधक को लापरवाही पड़ी भारी, पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकी, ठेकेदार पर भी गिरी गाज

भोपाल। आम लोगों की समस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की। देवास में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आवेदकों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। इस दौरान एक प्रकरण की फाइल प्रस्तुत नहीं कर पाने और समस्या के समाधान के प्रति उदासीनता बरतने पर उन्होंने देवास के महाप्रबंधक उद्योग रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं को अनदेखा करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छात्रवृत्ति दूसरे खाते में पहुंची, पर्यवेक्षक पर कार्रवाई
कार्यक्रम में देवास की आवेदिका सलोनी सिसोदिया ने लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति नहीं मिलने की समस्या बताई। जांच में सामने आया कि छात्रवृत्ति की राशि किसी दूसरे बैंक खाते में जमा हो गई थी। संबंधित पर्यवेक्षक ने मामले का फॉलोअप भी नहीं किया और राशि सलोनी के खाते में जमा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई नहीं की। इस पर मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
सैनिक के परिवार को 10 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री ने सैनिक स्व. पवन यादव के परिवार से भी चर्चा की। उन्होंने परिजनों को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा में योगदान देने वाले सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान तथा सहयोग सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सैनिक को शहीद का दर्जा देने के संबंध में प्रकरण का आवश्यक परीक्षण कराया जा रहा है।
किसान को 50 हजार, ठेकेदार पर एक लाख का जुर्माना
वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह को फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने 50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं, देवास के सुरेश मालवीय ने नल-जल योजना से जुड़ी समस्या उठाई। इस मामले में लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।
पांच आवेदकों की शिकायतें सुनीं
समाधान ऑनलाइन में मुख्यमंत्री ने देवास जिले के करण देवड़ा, नीरज दुबे, सलोनी सिसोदिया, हरेंद्र पांचाल और लाल सिंह पिता रतनलाल की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर उसका समय पर निराकरण किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, देवास कलेक्टर नेहा मीना और पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
