प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन : भैंसाकुंड बैकुंठ धाम में हुआ अंतिम संस्कार, ससुर ने दी मुखाग्नि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का गुरुवार को लखनऊ के भैंसाकुंड स्थित बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार किया गया। पूरा वातावरण गम और सन्नाटे से भरा हुआ था, जहां परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, राजनीतिक नेता और हजारों समर्थक उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
अंतिम संस्कार की सबसे भावुक घड़ी तब आई जब उनके ससुर, वरिष्ठ पत्रकार रहे अरविंद बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। मुखाग्नि देने के बाद वे भावुक हो उठे और गमछे से आंसू पोंछते हुए दामाद को अंतिम प्रणाम किया। वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं और वातावरण में भारी भावनात्मक सन्नाटा पसरा हुआ था।
छोटे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल हुए अखिलेश
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी अपने छोटे भाई को अंतिम विदाई देने बैकुंठ धाम पहुंचे। उन्होंने नम आंखों से अंतिम दर्शन किए और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चिता पर लकड़ियां अर्पित कीं। धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव भी पूरे समय वहां मौजूद रहे और अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल हुए।
अंतिम यात्रा उनके आवास से शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। “प्रतीक यादव अमर रहें” के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। यात्रा के दौरान शव को परंपरागत रीति के अनुसार श्मशान घाट पहुंचने से पहले कई बार भूमि पर रखा गया।
पार्थिव शरीर पर के पास बैठी रही अपर्णा
इस दौरान अपर्णा यादव अपनी दोनों बेटियों प्रथमा और पद्मजा के साथ लगातार पार्थिव शरीर के पास बैठी रहीं। परिवार की भावनात्मक स्थिति बेहद कठिन दिखाई दी। श्मशान घाट पर अखिलेश यादव और शिवपाल यादव एक साथ बैठे नजर आए, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी पास ही मौजूद थे।
अंतिम संस्कार में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई राजनीतिक हस्तियां भी शामिल हुईं और श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतीक यादव को उनके पशु प्रेम और सरल स्वभाव के लिए भी याद किया जाता रहा। पूरे कार्यक्रम में शोक, श्रद्धा और भावनाओं का गहरा माहौल देखने को मिला।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
