सोमवार, 17 अगस्त 202601:34:33 PM
Download App
Home/देश

नवीन की नई टीम में मप्र-छग का दबदबा : संगठन के अहम पदों पर नेताओं को मिली बड़ी कमान, पढ़े खबर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 17, 2026
11:11 AM
संगठन के अहम पदों पर नेताओं को मिली बड़ी कमान, पढ़े खबर

भोपाल/रायपुर। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी बहुप्रतीक्षित नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई सूची में संगठन के अनुभवी चेहरों के साथ कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर पार्टी ने आगामी रणनीति के संकेत दिए हैं। खास बात यह है कि मध्यप्रदेश का राष्ट्रीय संगठन में दबदबा और बढ़ा है। प्रदेश से छह नेताओं को अलग-अलग अहम पदों पर नियुक्त किया गया है। इनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री और राष्ट्रीय मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। इसके अलावा मध्यप्रदेश से राज्यसभा पहुंचे तरुण चुघ को भी राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं छत्तीसगढ़ की बात करें तो सांसद रूपकुमारी चैधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्ति किया गया है, जबकि दीपक महस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है।

लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

मध्यप्रदेश से लाल सिंह आर्य को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के जरिए प्रदेश के अनुभवी नेताओं को पार्टी के केंद्रीय संगठन में अहम भूमिका मिली है।

विष्णुदत्त शर्मा को मिली नई जिम्मेदारी

भाजपा के वरिष्ठ नेता विष्णुदत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है। संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के बीच समन्वय में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। वहीं, बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। किसान संगठन से जुड़े मुद्दों और पार्टी के किसान संपर्क अभियान में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी।

मीडिया प्रबंधन की कमान आशीष उषा अग्रवाल को

नई राष्ट्रीय टीम में आशीष उषा अग्रवाल को मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के संदेश और संगठन की गतिविधियों को मीडिया तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अहम रहेगी।

तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय की कमान

मध्यप्रदेश कोटे से राज्यसभा सांसद बनाए गए पंजाब के तरुण चुघ को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है। केंद्रीय संगठन के कामकाज में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानी जाती है।

प्रदेश के नेताओं का बढ़ा कद

नितिन नवीन की नई टीम में मध्यप्रदेश के छह नेताओं को जगह मिलने से प्रदेश संगठन का राष्ट्रीय स्तर पर प्रभाव बढ़ा है। पार्टी ने संगठनात्मक अनुभव, किसान संपर्क, मीडिया प्रबंधन और विभिन्न प्रकोष्ठों के समन्वय से जुड़े क्षेत्रों में प्रदेश के नेताओं को जिम्मेदारी देकर अपनी रणनीति स्पष्ट की है।

जमीनी राजनीति की मजबूत पहचान रखती हैं रूप कुमारी

बात करें छत्तीसगढ़ की महासमुंद लोकसभा सीट से सांसद रूपकुमारी चैधरी की तो उन्हें भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्ति किया गया है। अघरिया समाज से आने वाली रूप कुमारी जमीनी राजनीति की मजबूत पहचान रखती हैं। इससे पहले वे बसना विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं, और लंबे समय तक संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। अब हाईकमान ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंप दी है।

सक्रिय नेता के तौर पर जाने जाते हैं दीपक महस्के

नितिन नबीन की टीम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले दूसरे शख्स दीपक महस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। वे वर्तमान में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष हैं। इनकी पार्टी के भीतर पहचान संगठनात्मक रणनीतिकार, आईटी-सोशल मीडिया और मीडिया क्षेत्र में सक्रिय नेता के तौर पर है। दीपक महस्के की भाजपा में प्रमुख पहचान आईटी सेल और डिजिटल संगठन से बनी। वर्ष 2014 में वे छत्तीसगढ़ भाजपा के आईटी सेल के प्रदेश संयोजक के तौर पर पार्टी के चुनावी अभियान में सोशल मीडिया और तकनीक के इस्तेमाल को लेकर सक्रिय थे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें