शनिवार, 7 नवंबर 202604:07:43 PM
Download App
Home/देश

बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में MP पर्यटन बाजार : लंदन में खजुराहो, सांची से कान्हा-बांधवगढ़ तक की ब्रांडिंग; विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने की तैयारी

admin

admin

Nov 04, 2026
04:25 PM
लंदन में खजुराहो, सांची से कान्हा-बांधवगढ़ तक की ब्रांडिंग; विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने की तैयारी

भोपाल। मध्यप्रदेश अब अपनी ऐतिहासिक विरासत, वन्यजीव संपदा, आध्यात्मिक स्थलों और सांस्कृतिक पहचान के दम पर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने लंदन में आयोजित वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट (डब्ल्यूटीएम) 2026 में प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं का व्यापक प्रदर्शन किया है। 3 से 5 नवंबर तक एक्सेल लंदन में चल रहे इस वैश्विक आयोजन में मध्यप्रदेश ने दुनिया के सामने अपनी पर्यटन ताकत पेश की है। प्रदेश का उद्देश्य यूरोप सहित दुनिया के प्रमुख पर्यटन बाजारों में अपनी पहचान मजबूत करना और विदेशी पर्यटकों को मध्यप्रदेश की ओर आकर्षित करना है।

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राज्यसभा सांसद एवं इन्फोसिस फाउंडेशन की संस्थापक सुधा मूर्ति ने मध्यप्रदेश पवेलियन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एमपी टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविन्द बेडेकर सहित पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

खजुराहो से कान्हा तक, दुनिया के सामने एमपी की विरासत

मध्यप्रदेश पवेलियन में प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जा रहा है। इसमें यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो, सांची और भीमबेटका प्रमुख आकर्षण हैं। वहीं कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, पन्ना और सतपुड़ा के जंगलों की वन्यजीव संपदा को भी अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के सामने रखा गया है।

आध्यात्मिक पर्यटन के तहत उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर और चित्रकूट की विशेषताओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके अलावा ओरछा, मांडू और चंदेरी के माध्यम से ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय हस्तशिल्प और समुदाय आधारित पर्यटन की संभावनाएं बताई जा रही हैं।

10 पर्यटन हितधारकों के साथ विदेशी कंपनियों से बातचीत

अपर प्रबंध संचालक डॉ. बेडेकर के नेतृत्व में प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल 10 पर्यटन क्षेत्र के हितधारकों के साथ आयोजन में शामिल हुआ है। यहां अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन कंपनियों के साथ व्यावसायिक बैठकें की जा रही हैं। इन बैठकों का उद्देश्य विदेशी कंपनियों के साथ साझेदारी विकसित करना और मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाना है।

लंदन में दिखाई मध्यप्रदेश की अनकही कहानियां

विश्व पर्यटन बाजार के साथ ही एमपी टूरिज्म बोर्ड ने फ्रेंड्स ऑफ मध्यप्रदेश के सहयोग से 3 नवंबर को ताज, सेंट जेम्स पार्क में 'मध्यप्रदेश क्रॉनिकल्स-एन इवनिंग ऑफ अनटोल्ड नैरेटिव्स' कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें कहानीकारों, सामाजिक माध्यमों के प्रभावशाली लोगों, वन्यजीव छायाकारों, फिल्म निर्माताओं और यात्रा कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में डॉ. बेडेकर ने मध्यप्रदेश के वन्यजीव, ऐतिहासिक धरोहर, खानपान, जनजातीय परंपराओं और फिल्म निर्माण के लिए उपयुक्त स्थलों की जानकारी दी। मैहर के आर्ट इचोल की विधि बेरी ने प्रदेश की कला और शिल्प परंपराओं को प्रस्तुत किया। वहीं बीबीसी पुरस्कार से सम्मानित छायाकार सलील तांबे ने वन्यजीव और पर्यटन छायाचित्रों के जरिए प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता दिखाई। प्रसिद्ध प्रभावशाली व्यक्तित्व सीमा आनंद की मौजूदगी ने भी आयोजन को खास बनाया।

वैश्विक पर्यटन बाजार में एमपी की मजबूत दावेदारी

संवाद सत्र में प्रदेश के पर्यटन अनुभवों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई। मध्यप्रदेश की कोशिश विरासत, वन्यजीव, आध्यात्मिकता, संस्कृति और टिकाऊ पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाने की है। लंदन में इस सहभागिता के जरिए प्रदेश विदेशी पर्यटकों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटन कारोबार में नई साझेदारियां तलाश रहा है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें